Bareilly News: रंगदारी और जानलेवा हमले के 2 आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की थाना भोजीपुरा पुलिस ने जमीनी रंजिश, जानलेवा हमले और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पीड़ित इमरान खान पुत्र महबूब खान (निवासी रोहली टोला, थाना बारादारी, बरेली) की शिकायत पर 15 अक्टूबर 2026 को दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर 2026 को तड़के करीब 3:50 बजे भूडा अंडरपास के पास स्थित एक बंद चाय के खोखे से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पीड़ित इमरान खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि अभियुक्तों द्वारा उनकी जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को जबरन रुकवाया गया, 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 3(5), 191(2), 191(3), 109(1), 115(2), 308(4), 324(4), 351(3) और 352 BNS के तहत 9 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 842/2026 पंजीकृत किया था।

पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्तों की पहचान इश्तयाक उर्फ पराडा (पुत्र मुनव्वर खा) और नसीम रजा (पुत्र अहमद रजा), दोनों निवासी ग्राम सैदपुर चुन्नीलाल, थाना भोजीपुरा, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पीड़ित इमरान खान के साथ उनका पुराना जमीनी विवाद चल रहा है, इसी रंजिश के चलते उन्होंने मारपीट की थी। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए 2 डंडे भी बरामद कर लिए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त इश्तयाक उर्फ पराडा का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना भोजीपुरा में पहले से ही मारपीट और धमकी देने (मु.अ.सं. 251/22, 417/22, और 444/26) के कई मामले दर्ज हैं। इस सफल गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप-निरीक्षक पवन कुमार, उप-निरीक्षक रंजीत सिंह, उप-निरीक्षक अजय सिंह, मुख्य आरक्षी मो. इदरीश, मुख्य आरक्षी संदीप और रिक्रूट आरक्षी राकेश शामिल रहे। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: लखनऊ में मुंहबोले चाचा ने सोते समय भतीजे पर फेंका तेजाब, एक आंख की रोशनी गई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.