Bareilly News: कूटरचित दस्तावेजों से जमीन का फर्जी बैनामा कराने वाला जालसाज गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने और धोखाधड़ी करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त रामेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। थाना आंवला पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त रामेश्वर (पुत्र स्व. रामबिलास, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम भोलापुर, थाना भमोरा, जिला बरेली) को अलीगंज अड्डे के पास से धर दबोचा। आरोपी अपने मुकदमे की पैरवी के सिलसिले में वकील से मिलने के लिए वहां खड़ा था।
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को पीड़ित चेतराम सिंह (पुत्र भोले राम, निवासी ग्राम भोलापुर, थाना भमोरा) ने आंवला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि अभियुक्तों ने आपस में सांठगांठ व आपराधिक षड्यंत्र रचकर जाली (कूटरचित) कागजात तैयार किए और खुद को जमीन का असली मालिक दर्शाते हुए गाटा संख्या 292 (कुल रकबा 0.569 हेक्टेयर) में से 0.1760 हेक्टेयर हिस्से का अवैध रूप से माया देवी नाम की महिला के नाम फर्जी बैनामा करा लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 48/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) और 115(2) के तहत केस पंजीकृत किया था।
मामले में 7 अन्य नामजद आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस की गहन जांच के दौरान इस फर्जीवाड़े में शामिल कई अन्य आरोपियों की भूमिका भी उजागर हुई थी। कार्रवाई करते हुए आंवला पुलिस ने आरोपी रामप्रसाद को 8 जुलाई 2026 को, तथा देवेंद्र उर्फ गुड्डू, नन्हें, रविंद्र, चंद्रभान, गजेंद्र और ओमवती को 14 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर पूर्व में ही जेल भेज दिया था। इस मामले में केवल रामेश्वर ही लगातार फरार चल रहा था।
शुक्रवार को सुबह करीब 11:30 बजे मुखबिर की सूचना पर आंवला थाने के वरिष्ठ उप-निरीक्षक (Sr. SI) धर्मपाल सिंह और उप-निरीक्षक नरेंद्र सिंह राघव ने अलीगंज अड्डे पर घेराबंदी कर आरोपी रामेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Bareilly News: रंगदारी और जानलेवा हमले के 2 आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद

