सहारनपुर में पंचायत सहायक कोमल की संदिग्ध मौत, चारपाई पर मिला शव, भाई से पूछताछ जारी
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 27 साल की महिला पंचायत सहायक कोमल का शव घर के कमरे में चारपाई पर मिला। शुक्रवार सुबह उसका भाई आशीष उसे जगाने पहुंचा तो वह बेहोशी की हालत में पड़ी थी। पानी के छींटे मारने के बाद भी जब वह नहीं उठी तो आशीष ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने कोमल की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगी।
घटना जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर नागल थाना क्षेत्र के लखनौर गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाकर जांच के लिए भेजे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
रात में घर पर थी कोमल, माता-पिता बाहर सो रहे थे
लखनौर गांव निवासी वीरेंद्र और राजवती देवी अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बड़ी बेटी कोमल संविदा पर महिला पंचायत सहायक के पद पर काम करती थी। परिवार में कोमल के अलावा दो बेटे हैं।
कोमल की मां राजवती देवी ने बताया कि गुरुवार रात बेटी ने खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने चली गई। एक बेटा काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था, जबकि दूसरा बेटा आशीष घर पर ही था।
राजवती देवी के मुताबिक, घर का काम खत्म करने के बाद वह और उनके पति रोज की तरह घर के सामने बने घेर में सोने चले गए थे। रात में घर के अंदर कोमल और उसका भाई ही मौजूद थे।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे चीख-पुकार सुनकर उनकी नींद खुली। वह दौड़कर घर पहुंचीं तो पुलिस पहले से मौजूद थी। कमरे में चारपाई पर कोमल का शव पड़ा था। पूछने पर उन्हें बेटी की मौत और हत्या के आरोप की जानकारी मिली।
भाई ने ही पुलिस को दी सूचना, थाने में बैठाकर हो रही पूछताछ
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह कोमल को जगाने के लिए उसका भाई आशीष कमरे में पहुंचा था। काफी कोशिश के बाद भी जब वह नहीं उठी तो उसने पुलिस को सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि घर में उसकी बहन की हत्या हो गई है।
मां राजवती देवी ने बताया कि जब उन्होंने आशीष को आवाज लगाई तो पता चला कि वह घर में नहीं है। बाद में जानकारी मिली कि पुलिस ने उसे थाने में बैठा रखा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने फिलहाल उसे आरोपी घोषित नहीं किया है।
बेटी की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा, “मेरा घर उजड़ गया। कोई मेरा घर फिर से बसा दे।”
SP बोले- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि शुक्रवार सुबह घर में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटनास्थल से नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
एसपी देहात के मुताबिक, यह हत्या है या मौत की कोई दूसरी वजह है, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
Also Read: बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, ईको वैन पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

