दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, मिनीबस नाले में गिरी, 8 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Kota Mini Bus Accident: राजस्थान में कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi-Mumbai Expressway) पर हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। कराड़िया के नजदीक करीब 25 यात्रियों से भरी मिनीबस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग 15 फीट गहरे नाले में गिर गई। मृतकों में बस ड्राइवर भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
कोटा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन के मुताबिक, सभी मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू शामिल हैं। आठवें मृतक बस ड्राइवर हैं, जिनका नाम अभी सामने नहीं आया है।
पानी और कीचड़ के बीच चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे (Kota Mini Bus Accident) की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मिनीबस नाले में गिरने के कारण कई यात्री अंदर फंस गए थे। नाले में पानी और कीचड़ भरा होने से बचावकर्मियों को यात्रियों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। बचाव दल ने सावधानी के साथ बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, ताकि घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके।
करीब 25 यात्री थे सवार

जानकारी के मुताबिक, मिनीबस में करीब 25 यात्री सवार थे। कराड़िया के पास बस अचानक अनियंत्रित हुई और एक्सप्रेसवे से नीचे गहरे नाले में जा गिरी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर राहत कार्य चलाया गया।
हादसे (Kota Mini Bus Accident) में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सभी मृतकों और घायलों की पहचान हो चुकी है। दुर्घटना किस वजह से हुई, इस बारे में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
Also Read: बागेश्वर के प्रसिद्ध मां आदि बद्री भगवती मंदिर में लगी भीषण आग, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

