अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के आंकड़ों पर उठाए सवाल, बोले- गलती पकड़ क्यों नहीं पा रहा?

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रिपोर्टर कलेक्टिव की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए आयोग के आंकड़ों में कथित विसंगतियों पर सवाल किया। अखिलेश ने पूछा कि जब आम लोग गलतियां पकड़ रहे हैं, तो अत्याधुनिक एआई तकनीक और पूरा विभाग होने के बावजूद चुनाव आयोग खुद इनकी पहचान क्यों नहीं कर पा रहा है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आयोग से आंकड़ों की जांच और उन्हें प्रकाशित करने की प्रक्रिया पर सवाल किए। उनका कहना है कि आंकड़ों को सही या गलत की कसौटी पर परखे बिना प्रकाशित करना सवाल खड़े करता है।

अखिलेश बोले- आयोग अपनी गलतियां क्यों नहीं पकड़ पा रहा?

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “जनता का सवाल बस इतना सा है कि जब कुछ आम लोग चुनाव आयोग की गलती पकड़ ले रहे हैं तो जिसके पास पूरा विभाग और अत्याधुनिक एआई टेक्नोलॉजी है, वो चुनाव आयोग अपनी गलती क्यों नहीं पकड़ पा रहा है?”

उन्होंने आगे सवाल किया कि चुनाव आयोग के आंकड़ों को सही-गलत की कसौटी पर परखे बिना प्रकाशित क्यों और कैसे किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि आयोग आम लोगों के मामलों में ‘लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी’ यानी तार्किक विसंगति के आधार पर गलतियां पकड़ लेता है, लेकिन अपने आंकड़ों में मौजूद विसंगतियों की पहचान क्यों नहीं कर पा रहा है।

सपा प्रमुख ने यह भी सवाल किया कि आयोग अपनी गलतियां पकड़ नहीं पा रहा है या फिर उन्हें पकड़ना नहीं चाहता। उन्होंने कहा, “सवाल तो बनता है ना?”

SIR के बाद SSR कराने पर भी उठाए सवाल

इससे पहले शुक्रवार को सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) प्रक्रिया के औचित्य पर सवाल उठाया था। उन्होंने पूछा कि जब मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पहले ही हो चुका है, तो फिर SSR कराने की जरूरत क्या है?

अखिलेश ने आरोप लगाया, “जब भाजपा हारने लगती है तो बेईमानी करने लगती है। इसलिए एसएसआर की प्रक्रिया की जा रही है।” उन्होंने कहा कि एसआईआर होने के बावजूद भाजपा संतुष्ट नहीं है और मतदाता सूची के जरिए हेराफेरी करना चाहती है।

SSR को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जोड़ते हुए भी अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सीधे मुकाबले से बचने के लिए निर्वाचन आयोग के माध्यम से साजिश कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए प्रहरी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता इस साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए शनिवार को लगेंगे कैंप

विधानसभा निर्वाचन की मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने और सूची को अपडेट करने के लिए शनिवार को सभी जिलों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। ये कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे।

कैंप के दौरान बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे। जिलाधिकारी (DM), अपर जिलाधिकारी (ADM), उपजिलाधिकारी (SDM) और अन्य अधिकारी भी औचक निरीक्षण करेंगे।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया है या सूची में कोई गलती है, तो संबंधित फॉर्म भरकर सुधार या नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करें।

Also Read: रंगदारी और प्राइवेट तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने वाली शिवांगी यादव पर कसा शिकंजा, FIR दर्ज होते ही फरार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.