सिद्धार्थनगर में बैडटच के आरोप में सरकारी डॉक्टर की पिटाई, अल्ट्रासाउंड कराने आई थी युवती
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची 20 वर्षीय युवती ने एक सरकारी डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने उसके प्राइवेट पार्ट को गलत तरीके से छुआ। विरोध करने के बाद भी डॉक्टर नहीं माने तो उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर कमरे के बाहर मौजूद लोग अंदर पहुंचे और डॉक्टर की पिटाई कर दी।
मामला जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर बांसी कोतवाली तिराहे के पास स्थित डायमंड डायग्नोस्टिक सेंटर का है। आरोपी डॉक्टर की पहचान डॉ. एलएस सिंह के रूप में हुई है। वह बांसी के 50 बेड वाले सरकारी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर तैनात हैं। घटना 13 अक्टूबर की बताई जा रही है। पिटाई का वीडियो शुक्रवार शाम सामने आया।
अल्ट्रासाउंड के दौरान गलत तरीके से छूने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर को डॉ. एलएस सिंह डायमंड डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती अल्ट्रासाउंड कराने वहां आई। दोपहर करीब 2 बजे नंबर आने पर उसे जांच के लिए कमरे में ले जाया गया।
युवती ने आरोप लगाया कि अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टर उसके प्राइवेट पार्ट को गलत तरीके से छूने लगे। उसने विरोध किया, लेकिन डॉक्टर नहीं माने। इसके बाद युवती डर गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
शोर सुनकर कमरे के बाहर मौजूद लोग अंदर पहुंच गए। युवती की बात सुनने के बाद लोगों ने डॉक्टर को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी।
2 मिनट 6 सेकेंड के वीडियो में दिखी पिटाई
घटना का 2 मिनट 6 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें डॉक्टर कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं और कुछ लोग उन्हें थप्पड़ मार रहे हैं। इस दौरान युवती रोती हुई दिखाई देती है।
वीडियो में पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद नजर आ रहे हैं, लेकिन वे डॉक्टर की पिटाई कर रहे लोगों को रोक नहीं पाए।
बांसी कोतवाली प्रभारी महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि मामला थाने पहुंचा था। दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। उन्होंने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
निजी सेंटर पर प्रैक्टिस की भी होगी जांच
मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) संजय कुमार दोहरे ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी डॉक्टर का निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर प्रैक्टिस करना नियमों के खिलाफ है। इसकी जांच कराई जाएगी।
सीएमओ ने यह भी कहा कि छेड़छाड़ के आरोपों के बारे में जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका है और किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है।
Also Read: शिवा शर्मा हत्याकांड: मॉडल श्रद्धा दुबे समेत 3 आरोपियों के खिलाफ NBW जारी, नेपाल में तलाश तेज

