शिवा शर्मा हत्याकांड: मॉडल श्रद्धा दुबे समेत 3 आरोपियों के खिलाफ NBW जारी, नेपाल में तलाश तेज
Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शुक्रवार को कोर्ट ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया। हजरतगंज पुलिस ने सुबह ही वारंट जारी कराने के लिए अदालत में अर्जी दी थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने तीनों के खिलाफ NBW जारी कर दिया।
तीनों आरोपियों पर पहले ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। पुलिस की 10 टीमें नेपाल और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में उनकी तलाश कर रही हैं। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के मुताबिक, मामले में गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
नेपाल और सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की छापेमारी
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि शिवा शर्मा की मां ने हजरतगंज कोतवाली में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान ड्राइवर दानिश का नाम भी सामने आया। शिवा की मौत के बाद से श्रद्धा, रश्मि और दानिश फरार हैं।
मंगलवार को तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की जांच में उनकी लोकेशन रुपईडीहा और नेपाल में मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस टीमों ने नेपाल और सीमा से लगे इलाकों में दबिश तेज कर दी।
सर्विलांस टीम और डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर की क्राइम टीम समेत कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी, जिस पर शुक्रवार देर शाम सुनवाई के बाद वारंट जारी हो गया।
लोकेशन ट्रेस होने के बाद ठिकाना बदलने का दावा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नेपाल में श्रद्धा दुबे की लोकेशन मिलने के बाद टीमों ने दबिश दी तो उसने कथित तौर पर अपना ठिकाना बदल लिया। सूत्रों का दावा है कि लोकेशन ट्रेस होने की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धा ने दो बार ठिकाना बदला। उसे मदद पहुंचाने वाले लोग पुलिस की गतिविधियों की जानकारी दे रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा ने पहले नेपाल के बांके जिले में ठिकाना बनाया था। अब उसके सुर्खेत में एक होटल कारोबारी के यहां शरण लेने की सूचना है। हालांकि, उसके मौजूदा ठिकाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस सूत्रों को उम्मीद है कि श्रद्धा को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि श्रद्धा पहले भी नेपाल आती-जाती रही है। मॉडलिंग और अन्य कारोबारी गतिविधियों के सिलसिले में नेपालगंज समेत कई शहरों के कारोबारियों से उसकी जान-पहचान है। सूत्रों का दावा है कि नेपाल में मौजूद उसके कुछ कारोबारी मित्र ठिकाना बदलने में उसकी मदद कर रहे हैं।
श्रद्धा के नाम पर दर्ज स्कोडा कार का भी जिक्र
शिवा हत्याकांड के बीच श्रद्धा दुबे के नाम पर रजिस्टर्ड एक स्कोडा कार का संबंध सहारनपुर के पुराने साइबर ठगी मामले से भी सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कार को कथित तौर पर आयुष्मान ठगी से मिली रकम से खरीदे जाने की बात कही गई है। इस पहलू को मामले से जुड़ी एक अहम कड़ी के रूप में बताया जा रहा है।
फिलहाल श्रद्धा दुबे, रश्मि और दानिश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें नेपाल और सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं। तीनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
Also Read: सीतापुर में बहू को बचाने आई ताई की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी भतीजा गिरफ्तार

