लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा, ट्रक के नीचे घिसटी बाइक, 2 नर्सिंग छात्राओं समेत 3 की मौत
Lakhimpur Kheri Road Accident: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) जिले में शनिवार दोपहर भीरा-पलिया हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। रपटा पुल के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार दो नर्सिंग छात्राओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
इसी जिले में एक अन्य हादसा भी हुआ। लौखनियां के पास कार और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
दो नर्सिंग छात्राओं की पहचान, तीसरे मृतक का पता नहीं
पहला हादसा भीरा थाना क्षेत्र में भीरा-पलिया नेशनल हाईवे पर रपटा पुल के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक युवक और दो युवतियां बाइक से भीरा से पलिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पलिया की तरफ से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और ट्रक उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक युवतियों की पहचान निघासन क्षेत्र के बोटन पुरवा निवासी प्रियंका (24) और क्रांति (18) के रूप में हुई है। दोनों भीरा के संतगढ़ स्थित वन बीट कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस में नर्सिंग की छात्राएं थीं। तीसरे मृतक की उम्र करीब 32 साल बताई गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
ट्रक चालक फरार, दूसरे हादसे में भी गई जान
हादसे की सूचना मिलने पर भीरा थानाध्यक्ष अमित पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश करने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
दूसरी ओर, लखीमपुर खीरी रोड पर लौखनियां के पास कार और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों की मदद के लिए 112 पर कॉल करने के बावजूद उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा भी किया जा रहा है।
Also Read: पुलिसकर्मी खुद को कानून से ऊपर न समझें, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी पुलिस को लगाई फटकार

