अंकिता भंडारी केस में CBI का बड़ा एक्शन, Ex MLA सुरेश राठौर के आवास पर छापा, पूछताछ जारी

Ankita Bhandari Murder Case: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को जांच एजेंसी की टीम पूर्व विधायक सुरेश राठौर (Suresh Rathore) के आवास पर पहुंची और उनसे पूछताछ शुरू की। खबर लिखे जाने तक हरिद्वार के बीएचईएल (BHEL) गेस्ट हाउस में उनसे पूछताछ जारी थी।

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को अंकिता के माता-पिता ने दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई थी। परिवार की मांग है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो और कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े सवालों का भी जवाब मिले।

सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की मांग

अंकिता के पिता वीरेन्द्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी से मुलाकात के दौरान सीबीआई के विशेष निदेशक मनोज शशिधर और संपत मीणा ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। एजेंसी के प्रवक्ता के मुताबिक, अधिकारियों ने मामले की गहन और न्यायसंगत जांच का आश्वासन दिया है।

पीड़ित परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, माता-पिता ने CBI निदेशक को लिखित अनुरोध देकर पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। हालांकि, नार्को टेस्ट को लेकर किसी निर्णय की जानकारी सामने नहीं आई है।

वायरल ऑडियो से फिर चर्चा में आया मामला

उर्मिला सनावर की एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद Ankita Bhandari Murder Case में कथित VIP की भूमिका को लेकर विवाद फिर तेज हो गया था। इसी संदर्भ में मामले की जांच और परिवार की मांगों पर ध्यान केंद्रित हुआ है। बताया गया कि गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद अनिल बलूनी भी सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात के दौरान अंकिता के परिवार के साथ मौजूद थे।

इससे पहले 14 अक्टूबर को अंकिता के माता-पिता ने दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना दिया था। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने उनसे मुलाकात कर समर्थन जताया था। उनके वहां से जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने अंकिता के माता-पिता को कुछ देर के लिए हिरासत में लिया था, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

Also Read: ‘बच्चों को इंटरनेट इस्तेमाल करने का मौलिक अधिकार’, सुप्रीम कोर्ट ने पूरी तरह पाबंदी लगाने से किया इनकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.