AKTU में 20 करोड़ से बनेगा AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, रिसर्च और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा

Lucknow News: लखनऊ के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का हाईटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। भारत सरकार ने इसके लिए 20 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के इंडिया AI मिशन के तहत बनने वाले इस सेंटर से प्रदेश के युवाओं को AI की पढ़ाई, रिसर्च और नई तकनीक विकसित करने के अवसर मिलेंगे।

प्रोजेक्ट को चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 10 हजार वर्गफुट क्षेत्र में सेंटर बनाया जाएगा, जहां हाईटेक कंप्यूटर सिस्टम और रिसर्च से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

केंद्र और राज्य सरकार देंगी 16 करोड़ रुपये

सेंटर के निर्माण और विकास पर कुल 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से 8 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के माध्यम से यूपी डेस्को भी 8 करोड़ रुपये का योगदान देगा। बाकी 4 करोड़ रुपये विश्वविद्यालय अपने इंडस्ट्रियल पार्टनर IBM के जरिए जुटाएगा।

तीन लाख से ज्यादा छात्रों को मिल सकते हैं अवसर

AKTU से 750 से अधिक संस्थान जुड़े हैं, जिनमें तीन लाख से ज्यादा विद्यार्थी पढ़ते हैं। सेंटर के जरिए सहारनपुर से सोनभद्र तक के छात्रों को AI के क्षेत्र में सीखने और काम करने का अवसर मिलेगा। यहां वर्कशॉप, हैकाथॉन और ट्रेनिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थी नई तकनीकों को समझने के साथ व्यावहारिक अनुभव भी हासिल कर सकें।

AKTU सेंटर में AI और उभरती तकनीकों पर रिसर्च को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, AI आधारित स्टार्टअप को शुरुआती आइडिया से लेकर प्रोडक्ट तैयार करने और उसे बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसके लिए मेंटरशिप, नेटवर्किंग और वित्तीय सहायता के अवसर भी उपलब्ध कराने की योजना है।

विश्वविद्यालय (AKTU) के एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा ने बताया कि सेंटर शिक्षकों, छात्रों और स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। उनके मुताबिक, यहां उपलब्ध उच्च गुणवत्ता वाले कंप्यूटर सिस्टम से AI आधारित रिसर्च और नई तकनीक विकसित करने में सहायता मिलेगी।

Also Read: हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को दिया आदेश, अलीगंज अग्निकांड में दिव्यांग हुए व्यक्ति को तुरंत मिले इलाज का खर्च

Get real time updates directly on you device, subscribe now.