ईरान को मिला नया रक्षा मंत्री, संसद ने मेहरदाद अखलाखी केताबची के नाम पर लगाई मुहर

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने अपनी सैन्य कमान को मजबूत करते हुए नए रक्षा मंत्री की नियुक्ति की है। ईरानी संसद (मजलिज) ने मेहरदाद अखलाखी केताबची को देश का नया रक्षा मंत्री चुन लिया है। मतदान के दौरान कुल 277 सांसदों में से 237 ने उनके पक्ष में वोट दिया, जबकि 15 वोट विरोध में पड़े। केताबची की नियुक्ति ब्रिगेडियर जनरल अजीज नासिरजादेह के स्थान पर हुई है, जिनकी फरवरी में अमेरिका-इजराइल द्वारा किए गए एक हवाई हमले में मृत्यु हो गई थी। नासिरजादेह के निधन के बाद राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने ब्रिगेडियर जनरल माजिद इब्न अल रेजा को अस्थाई रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी थी।

ईरानी मीडिया के अनुसार, केताबची रक्षा उत्पादन और सैन्य प्रौद्योगिकी के बेहद अनुभवी विशेषज्ञ माने जाते हैं। उन्होंने एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ऑर्गनाइजेशन तथा डिफेंस इंडस्ट्रीज ऑर्गनाइजेशन के प्रमुख के रूप में ईरान के मिसाइल विकास और आधुनिक हथियारों के निर्माण में केंद्रीय भूमिका निभाई है। ठोस ईंधन (सॉलिड-प्रोपेलेंट) पर चलने वाली बैलिस्टिक मिसाइलें बनाने वाले ‘शहीद बाघेरी इंडस्ट्रियल ग्रुप’ से जुड़े होने के कारण अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र (UN) उन पर पहले ही प्रतिबंध लगा चुके हैं।

पद संभालते ही नए रक्षा मंत्री ने अमेरिका और उसके सहयोगियों को सख्त लहजे में आगाह किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अमेरिकी सेना ने कोई भी दुस्साहस किया, तो ईरान की ओर से ऐसा अप्रत्याशित और भीषण जवाब दिया जाएगा जिसकी कल्पना भी दुश्मन ने नहीं की होगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि हालिया सैन्य घटनाक्रमों के बाद ईरान ने अपनी रक्षा प्रणालियों और मिसाइल क्षमताओं को इस स्तर तक अपडेट कर लिया है कि उसने विरोधियों के सारे समीकरण बिगाड़ दिए हैं।

Also Read: महाराष्ट्र के बीड में तुलजापुर दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.