Bareilly News: बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी दो सगे भाई गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद

Bareilly News: आंवला थाना क्षेत्र के मोहल्ला लठैता में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग और 80 वर्षीय बुजुर्ग सज्जाद अहमद की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी सगे भाई हैं, जिनकी पहचान रोहित गुप्ता और मोहित गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त मोहित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध तमंचा और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 15 अक्टूबर को हुई थी, जब आरोपी मोहित गुप्ता की बेटी (जो बरेली के एक कॉलेज में पढ़ती है) को कस्बे के ही रहने वाले छात्र तरुण सिंह द्वारा परेशान करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने की बात सामने आई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसका मुकदमा बिथरी चैनपुर थाने में दर्ज कराया गया था।

इसी रंजिश के चलते 17 अक्टूबर को मोहल्ला लठैता में कहासुनी के बाद आरोपियों ने फायरिंग कर दी। गोलीबारी के दौरान मौके पर मौजूद बुजुर्ग सज्जाद अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।

आंवला थाना प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बीती रात करीब 23:47 बजे पुरैना तिराहे के पास श्रीजी कॉलोनी के गेट से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों भाइयों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि विवाद के दौरान उन्होंने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी, जिससे गोली बुजुर्ग को जा लगी।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) व अन्य संबंधित धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी मोहित गुप्ता का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर कई मामले दर्ज हैं।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: वाराणसी में रामलीला का हाथी हुआ बेकाबू, हमले में महावत घायल, गोरखपुर से बुलाई गई विशेष टीम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.