लखनऊ में हथियार तस्कर गिरफ्तार, 3 अवैध पिस्टल बरामद, दोगुने दाम पर बेचता था

Lucknow News: लखनऊ में अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ (UP STF) ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन .32 बोर की अवैध पिस्टल और एक बैग बरामद हुआ है। एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश और बिहार से पिस्टल खरीदकर लखनऊ, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में बेचता था। वह 30 से 40 हजार रुपये में पिस्टल खरीदता और उन्हें 80 हजार से एक लाख रुपये तक में बेच देता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश पांडेय उर्फ विशु के रूप में हुई है। वह प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित दुर्गाराम का पुरवा का निवासी है। STF के अनुसार, आरोपी एक संगठित हथियार तस्करी गिरोह से जुड़ा है, जिसमें कई अन्य लोग भी शामिल हैं।

वेव मॉल के पास से हुई गिरफ्तारी

STF को पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोहों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को जानकारी जुटाने और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में रविवार को टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार बेचने के लिए Lucknow आया है। कार्रवाई करते हुए टीम ने विभूतिखंड थाना क्षेत्र में सहारा बाजार के पीछे, बेहनन का पुरवा स्थित वेव मॉल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मध्य प्रदेश और बिहार से खरीदता था पिस्टल

STF की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य मध्य प्रदेश और बिहार से अवैध पिस्टल खरीदकर लखनऊ, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में बेचते थे। कम कीमत पर हथियार खरीदकर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचना गिरोह के कारोबार का तरीका था। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ विभूतिखंड थाने में मुकदमा अपराध संख्या 411/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/5/25 में मुकदमा दर्ज कराया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।

Also Read: शिवा शर्मा केस में गिरी पहली गाज, हजरतगंज इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, श्रद्धा दुबे अब भी लापता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.