शिवा शर्मा केस में गिरी पहली गाज, हजरतगंज इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, श्रद्धा दुबे अब भी लापता
Shraddha Dubey Case: लखनऊ के कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत (Shiva Sharma Murder Case) के मामले में नौ दिन बीतने के बाद भी मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे का पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश में पुलिस की आठ टीमें लखनऊ से रायबरेली और बहराइच होते हुए नेपाल तक छापेमारी कर रही हैं। इस बीच मामले में पहली विभागीय कार्रवाई हुई है। लापरवाही बरतने के आरोप में हजरतगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर और जांच अधिकारी विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस कई दिनों से संभावित ठिकानों पर तलाश के साथ सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों की जांच कर रही है। इसी बीच चर्चा है कि श्रद्धा दुबे लखनऊ में ही मौजूद है और सरेंडर कर सकती है। हालांकि, उसकी मौजूदगी और समर्पण की योजना को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहली बार मीडिया के सामने आई श्रद्धा, हत्या के आरोपों को नकारा
Shraddha Dubey पहली बार मीडिया के सामने आई और अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया। उसका दावा है कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उन्होंने बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी। श्रद्धा ने घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की।
उसने सवाल उठाया कि जब दूसरी जगहों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है, तो बिल्डिंग की रिकॉर्डिंग सामने क्यों नहीं लाई जा रही। श्रद्धा का कहना है कि फुटेज सामने आने से घटना की सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।
श्रद्धा ने पुलिस और न्यायपालिका से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी को हत्यारोपी बताकर अपराधी की तरह पेश करना उचित नहीं है। उसके मुताबिक, वह शिवा को करीब चार महीने से जानती थी और दोनों के बीच लगभग ढाई महीने तक दोस्ती रही। उसने यह भी कहा कि शिवा पिछले दो महीने से उसके घर आने लगे थे। श्रद्धा ने शिवा के परिवार के आरोपों को गलत बताया और सोशल मीडिया पर दूसरी महिलाओं के साथ उनकी तस्वीरों को लेकर किए जा रहे दावों पर भी आपत्ति जताई।
दशहरे के बाद सरेंडर की चर्चा
चर्चा है कि श्रद्धा (Shraddha Dubey) तीन अन्य आरोपियों के साथ समर्पण की तैयारी कर रही है। नवरात्रि की नवमी और दशहरे की छुट्टियों के कारण उसकी योजना में देरी होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि वह किसी अनुकूल ठिकाने की तलाश में है और दशहरे के बाद सरेंडर कर सकती है। यह भी दावा किया जा रहा है कि वह कई नामचीन अधिवक्ताओं के संपर्क में है।
क्या है शिवा शर्मा की मौत का मामला?
नौ अक्टूबर की रात लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज के कपूरथला इलाके में रहते थे। उनकी मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Also Read: शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार मॉडल श्रद्धा और ड्राइवर दानिश पर इनाम की राशि हुई दोगुनी

