भाजपा MLC देवेंद्र प्रताप सिंह के बगावती तेवर, सपा प्रत्याशी को समर्थन देकर बोले- ‘अन्याय के खिलाफ दें जनादेश’
Devendra Pratap Singh Supports SP Candidate: उत्तर प्रदेश की राजनीति में भाजपा के विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने बागी रुख अपनाते हुए समाजवादी पार्टी के एमएलसी प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी (Sanjayan Tripathi) को खुला समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने शिक्षक साथियों और प्रतियोगी युवाओं से 23 अक्टूबर को अन्याय और अपमान के खिलाफ जनादेश देने की अपील की है। उनके इस कदम से सियासी हलचल तेज हो गई है।
देवेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर हाथ से लिखा एक पत्र साझा किया। इसमें उन्होंने शिक्षक और प्रतियोगी युवाओं के हितों के लिए अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए नाराजगी जाहिर की।
गोरखपुर के कार्यक्रम के बाद बढ़ी नाराजगी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, Devendra Pratap Singh पिछले कुछ समय से पार्टी से नाराज चल रहे थे। इसकी वजह 12 अक्टूबर को गोरखपुर में आयोजित भाजपा का एक कार्यक्रम बताया जा रहा है। आरोप है कि इस कार्यक्रम में उन्हें मंच पर जगह नहीं दी गई थी। इसके बाद से उनके बागी तेवर सामने आने लगे और अब उन्होंने सपा प्रत्याशी के समर्थन का ऐलान कर दिया है।
पत्र में शिक्षक और युवाओं से की अपील
अपने पत्र में देवेंद्र प्रताप सिंह ने शिक्षक साथियों और प्रतिभाशाली प्रतियोगी युवाओं को अपने परिवार का हिस्सा बताया। उन्होंने लिखा कि शिक्षक और प्रतिभाशाली प्रतियोगी नौजवानों के हितों के लिए उनका पूरा जीवन समर्पित है, लेकिन न्याय के लिए उनके संघर्ष को अपमानित किया गया।
उन्होंने आगे अपील की कि जिन शिक्षकों को न्याय पाने की ललक है और जो उनके संघर्ष पर विश्वास करते हैं, वे 23 अक्टूबर को अन्याय और अपमान के खिलाफ सशक्त जनादेश दें।
Devendra Pratap Singh के इस बयान को पार्टी के प्रति उनकी नाराजगी और सपा प्रत्याशी के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि भाजपा नेतृत्व उनके इस कदम पर क्या रुख अपनाता है। फिलहाल, उनके समर्थन के ऐलान ने एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज कर दी हैं।
Also Read: ‘किसी नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएंगे’, रामपुर से ओवैसी का अखिलेश-राहुल को संदेश

