Asian Para Games में दीप्ति का गोल्डन धमाका, भाविना ने जीता कांस्य, बैडमिंटन में भी मेडल पक्का
Asian Para Games 2026: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। 20 अक्टूबर को एथलेटिक्स में दीप्ति जीवनजी (Deepthi Jeevanji) ने महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में 56.36 सेकंड का समय निकालकर गोल्ड मेडल जीत लिया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने नया गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया। यह प्रतियोगिता में भारत का पांचवां स्वर्ण पदक और दूसरे दिन का पहला गोल्ड रहा।
पेरिस पैरालंपिक 2024 की कांस्य पदक विजेता दीप्ति ने रेस में शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। उन्होंने जापान की नीना कानो को दो सेकंड से ज्यादा के अंतर से पीछे छोड़ा। कानो ने 58.92 सेकंड के साथ सिल्वर, जबकि जापान की अकाने काटो ने 1 मिनट 0.26 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
भाविना पटेल ने जीता कांस्य पदक
Asian Para Games 2026 में भारत की अनुभवी पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल (Bhavina Patel) ने महिला एकल क्लास 4-5 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। सेमीफाइनल में उन्हें चीन की झांग बियान के खिलाफ 0-3 से हार मिली। झांग ने मुकाबला 11-7, 11-5 और 11-7 से जीता।
टोक्यो पैरालंपिक 2020 की सिल्वर मेडल विजेता भाविना का सफर सेमीफाइनल में समाप्त हुआ, लेकिन उन्होंने कांस्य पदक के साथ भारत के पदक खाते में एक और उपलब्धि जोड़ दी।
बैडमिंटन में पदक पक्का, तीरंदाजी में भी बढ़त
पैरा बैडमिंटन में प्रमोद भगत और मनीषा रामदास की भारतीय मिश्रित जोड़ी ने SL3-SU5 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के चनिडा श्रीनावाकुल और सिरिपोंग टीमारोम को 21-15, 21-14 से हराया। 25 मिनट चले इस मुकाबले में जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में जगह बनाई और कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया।
तीरंदाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम आठ में प्रवेश किया। रिकर्व वर्ग में हरविंदर सिंह और भावना ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, कंपाउंड वर्ग में शीतल देवी, पायल नाग, तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी भी अंतिम आठ में पहुंच गए। Asian Para Games 2026 में भारतीय खिलाड़ियों की नजरें अब अगले मुकाबलों में पदकों का रंग बदलने पर हैं।
Also Read: IPL Trade: CSK नहीं, राजस्थान रॉयल्स में जा सकते हैं हार्दिक पंड्या! अश्विन ने दिया बड़ा अपडेट

