ST हसन का रुचि वीरा पर बड़ा हमला, बोले- मेरा हक मारकर किसी ने सांसद की कुर्सी ली
Moradabad News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने मुरादाबाद में कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने सांसद रुचि वीरा पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि उनका हक मारकर किसी दूसरे ने सांसद की कुर्सी हासिल की है। यह बयान 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट को लेकर हुए सपा के अंदरूनी विवाद की ओर इशारा करता है।
टिकट कटने और रुचि वीरा के चुनाव जीतने का जिक्र
मुरादाबाद लोकसभा सीट से एसटी हसन पहले सांसद थे। 2024 में सपा ने उनका टिकट काटकर रुचि वीरा को उम्मीदवार बनाया था। इसके बाद रुचि वीरा चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचीं। अब एसटी हसन के बयान से एक बार फिर उस पुराने विवाद की चर्चा शुरू हो गई है।
वायरल फोटो और भितरघात के आरोपों पर सफाई
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर मंत्री भूपेंद्र चौधरी के साथ उनकी वायरल तस्वीर पर एसटी हसन ने कहा कि ट्रेन लेट होने के कारण वह वीआईपी वेटिंग रूम में मौजूद थे। उन्होंने फोटो के आधार पर लगाए जा रहे राजनीतिक मिलीभगत के आरोपों को खारिज किया। लोकसभा चुनाव और कुंदरकी उपचुनाव में भितरघात के आरोपों को भी उन्होंने बेबुनियाद बताया और इसे अंदरूनी साजिश बताया।
मोहन भागवत के बयान पर भी बोले
RSS प्रमुख मोहन भागवत के देश को खंडित करने की साजिश वाले बयान पर एसटी हसन ने कहा कि हिंदुस्तान के टुकड़े करने की किसी में हिम्मत नहीं है। उन्होंने भारत को अनेकताओं में एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता उसकी विविधता में है और लोग मातृभूमि के लिए सब कुछ कुर्बान करने को तैयार हैं।

