Lucknow News: जादू-टोने के बहाने महिला से ठगे सोने के जेवर, दुकान से तांबे के तार भी लेकर भागे टप्पेबाज, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
Lucknow News: मलिहाबाद थाना क्षेत्र (लखनऊ) में जादू-टोना करने के बहाने एक महिला से सोने के जेवर ठगने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि दो अज्ञात टप्पेबाज महिला के गले से सोने की माला और सोने के बाले लेकर फरार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से तार के बंडल भी ठग लिए।
महिला की तहरीर पर मलिहाबाद पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मलिहाबाद थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव की निवासी पुष्पा मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे गैस लेने जा रही थीं। गांव से कुछ दूरी पर पावर हाउस के पास दो अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि दोनों ने जादू-टोना करने के बहाने महिला को अपने झांसे में लिया और उनके गले में पड़ी सोने की माला व सोने के बाले लेकर फरार हो गए।
दुकान से तार के बंडल लेकर भी भागे आरोपी
महिला से जेवर लेने के बाद दोनों आरोपी जगदीशपुर खुर्द निवासी केशन की इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर पहुंचे।
यहां उन्होंने दुकानदार से तार खरीदने का झांसा दिया और तार के बंडल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित महिला ने पुलिस से शिकायत की।
पुष्पा की तहरीर पर मलिहाबाद पुलिस ने दो अज्ञात टप्पेबाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

