काकोरी में गैस गोदाम पर बड़ी लूट, मजदूरों को पीटा, 409 खाली सिलेंडर और मजदूर को लेकर फरार

Lucknow Kakori Gas Godown Robbery: लखनऊ के काकोरी में बदमाशों ने भारत गैस गोदाम (Bharat Gas Godown) को निशाना बनाकर 409 खाली सिलेंडर और मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपये लूट लिए। आरोप है कि बदमाशों ने गोदाम में मौजूद मजदूरों से मारपीट की, खाना फेंक दिया और एक मजदूर को अपने साथ ले गए। एजेंसी मालिक इस्लाम अहमद अब्बासी की शिकायत पर पुलिस ने मोहम्मद यूसुफ समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पहले पूछताछ, फिर रात में गोदाम पर धावा

शिकायत के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को शाम करीब पांच बजे मोहम्मद यूसुफ चार अन्य लोगों के साथ कार से पुरैना गांव स्थित गोदाम पहुंचा था। वहां मजदूरों से पूछताछ करने के बाद सभी चले गए। आरोप है कि रात करीब साढ़े आठ बजे पांचों दोबारा पहुंचे। उस समय मजदूर खाना बना रहे थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने मजदूरों के साथ मारपीट की और उनका खाना फेंक दिया। इसके बाद गोदाम के गेट का ताला तोड़कर अंदर रखे 409 खाली सिलेंडर और मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। आरोप है कि बदमाश अवैध असलहों से लैस थे। उन्होंने मजदूरों को पीटकर भगा दिया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

दीवारें टूटी मिलीं, CCTV कैमरा भी क्षतिग्रस्त

एजेंसी मालिक इस्लाम अहमद अब्बासी के मुताबिक, उन्हें घटना की जानकारी रात करीब 12 बजे कंप्यूटर ऑपरेटर धीरज कुमार ने फोन पर दी। अगली सुबह गोदाम की चारों तरफ की दीवारें टूटी मिलीं और CCTV कैमरा क्षतिग्रस्त पाया गया। मालिक का दावा है कि कैमरा टूटने से पहले की कुछ तस्वीरें उनके पास मौजूद हैं।

शिकायत में प्रमोद कुमार नाम के मजदूर को भी आरोपितों द्वारा अपने साथ ले जाने और उसके बारे में जानकारी नहीं मिलने की बात कही गई है।

काकोरी थाना प्रभारी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि मामले (Lucknow Kakori Gas Godown Robbery) में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Also Read: मेला देखने निकले दंपति पर हमला, पति के सामने किया पत्नी का गैंगरेप, 8 आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.