लखनऊ में एम्बुलेंस टेक्नीशियनों का धरना, बोले- डिप्टी CM के कहने पर भी नौकरी नहीं दे रही कंपनी
Ambulance Technicians Protest Lucknow: लखनऊ में नौकरी पर वापसी की मांग को लेकर बुधवार को GVK EMRI कार्यालय के बाहर एम्बुलेंस टेक्नीशियनों ने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कर्मचारी पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) के कहने के बावजूद कंपनी उन्हें दोबारा नौकरी पर नहीं रख रही है। कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
धरने की अगुवाई कर रहे शरद यादव ने दावा किया कि करीब 3 से 4 हजार टेक्नीशियन लखनऊ पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि कंपनी ने बिना कोई ठोस कारण बताए उन्हें नौकरी से निकाल दिया था। कर्मचारियों ने कंपनी के अधिकारियों से मुलाकात की कोशिश की, लेकिन कोई उनसे बात करने के लिए तैयार नहीं हुआ।
नौकरी मिलने तक लखनऊ नहीं छोड़ने का ऐलान
प्रदर्शन (Ambulance Technicians Protest Lucknow) कर रहे टेक्नीशियनों का कहना है कि कुछ समय पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कंपनी के अधिकारियों से बातचीत कराकर उन्हें नौकरी पर वापस रखने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद अब तक उनकी जॉइनिंग नहीं हुई। शरद यादव ने कहा कि कर्मचारियों के पास आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। वे घर छोड़कर लखनऊ आए हैं और यहीं कैंप कर रहे हैं। नौकरी पर वापसी होने तक शहर नहीं छोड़ेंगे।
कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट को भेजी गई थी सूची
संतकबीरनगर से आए आर्यन चौधरी के मुताबिक, डिप्टी सीएम की ओर से कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट रेड्डी को नौकरी पर वापस रखने के लिए टेक्नीशियनों की सूची भेजी गई थी। कर्मचारियों को संबंधित स्थानों पर जाकर दोबारा जॉइन करने के लिए कहा गया था, लेकिन कंपनी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Lucknow में Protest कर रहे Ambulance Technicians ने बताया कि वे सुबह से कार्यालय के बाहर बैठे हैं, लेकिन कंपनी का कोई अधिकारी बातचीत के लिए नहीं आया। कर्मचारियों ने दोबारा डिप्टी सीएम को अपनी समस्या बताई है। उनके मुताबिक, ब्रजेश पाठक ने कंपनी से फिर बातचीत कराने का आश्वासन दिया है।

