रायबरेली पुलिस ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को साइबर ठगी और ऑनलाइन होने वाले फ्रॉड से किया सतर्क
Raebareli News: जिले में लगातार बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है। नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से अक्टूबर 2026 को साइबर जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत रायबरेली पुलिस की ओर से आमजन को डिजिटल लेन-देन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल के वक्त खास सावधानी बरतने की सख्त सलाह दी गई है।
पुलिस अधीक्षक (SP) रवि कुमार के निर्देशन और साइबर क्राइम थाना अध्यक्ष अजय सिंह तोमर के नेतृत्व में शहर के डिग्री कॉलेज और दीवानी कचहरी गेट के बाहर समेत कई प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इन नुक्कड़ नाटकों के जरिए कलाकारों ने आम जनता को बड़े ही रोचक और प्रभावशाली तरीके से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और ऑनलाइन फ्रॉड के तौर-तरीकों से आगाह किया।
रायबरेली पुलिस ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को साइबर ठगी और ऑनलाइन होने वाले फ्रॉड से किया सतर्क#RaebareliPolice #CyberCrime #OnlineFraud #CyberAwareness #UPPolice pic.twitter.com/SSdAA6igmQ
— Sandesh Wahak (@sandeshwahakweb) October 22, 2026
भूलकर भी साझा न करें अपनी गोपनीय जानकारियां
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस बल ने नागरिकों को कड़े निर्देश देते हुए समझाया कि कोई भी व्यक्ति अपना वन-टाइम पासवर्ड (OTP), एटीएम पिन (ATM PIN), सीवीवी (CVV) या बैंक पासवर्ड किसी भी परिस्थिति में किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा न करे। इसके अलावा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपनी निजी और संवेदनशील जानकारियां सार्वजनिक करने से पूरी तरह बचने की हिदायत दी गई है।

अनजान लिंक और फर्जी कॉल्स से रहना होगा सावधान
पुलिस ने जनता को आगाह करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। इसके अलावा बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव या सरकारी कर्मचारी बनकर फोन पर पैसे मांगने वाले ठगों से विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। खासतौर पर केवाई-सी (KYC) अपडेट कराने के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल्स, भ्रामक संदेशों और फर्जी लिंक्स के जरिए होने वाली ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रहने के जरूरी टिप्स दिए गए।
एसपी रवि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर सुरक्षा से जुड़े इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम सिर्फ शहर तक ही सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इन्हें जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सुरक्षित डिजिटल लेन-देन का संदेश पहुंचाया जा सके।
रिपोर्ट- बबलू सिंह
Also Read: सोनिया गांधी ने रखा इंस्टाग्राम पर कदम, आत्मकथा बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव का वीडियो कवर किया शेयर

