पीलीभीत में चार महीने से लापता युवक का गन्ने के खेत में मिला कंकाल, पर्स से हुई पहचान
Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया क्षेत्र में चार महीने से लापता 36 वर्षीय ग्रामीण का नरकंकाल बुधवार को गन्ने के खेत में मिला। बिलासपुर रोड स्थित खेत में गन्ना छील रहे मजदूरों को खोपड़ी, हड्डियों के अवशेष और एक पर्स मिला। पर्स में रखे आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों से मृतक की पहचान धनीराम के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से नरकंकाल, हड्डियों के अवशेष और अन्य सामान एकत्र किया। पुलिस ने इन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
24 जून के आसपास लापता हुआ था धनीराम
धनीराम पुत्र आत्माराम अमरिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिलासपुर का निवासी था। वह करीब 24 जून को लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद उसकी पत्नी रेखा ने 30 जून को अमरिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस और परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
बुधवार सुबह बिलासपुर रोड पर मलकीत सिंह के गन्ने के खेत में मजदूर गन्ना छील रहे थे। इसी दौरान उन्हें खेत में खोपड़ी, कुछ हड्डियां, एक पर्स और शराब पीने के गिलास जैसी वस्तुएं दिखाई दीं। मजदूरों ने इसकी जानकारी खेत मालिक मलकीत सिंह को दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पर्स में मिले दस्तावेजों से हुई पहचान
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से नरकंकाल, हड्डियों के अवशेष, पर्स और अन्य सामान जुटाया। पर्स में मिले दस्तावेजों के आधार पर धनीराम की पहचान हुई। इसके बाद परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया।
धनीराम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उसके 15 वर्षीय बेटे आनंद और पांच वर्षीय बेटी आराध्या का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि करीब चार महीने पहले लापता हुए व्यक्ति का नरकंकाल गन्ने के खेत में मिला है। अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि परिवार की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल, मौत की वजह स्पष्ट नहीं है।
Also Read: राहुल गांधी पर अमित शाह का तीखा हमला, बोले- 30 साल तक आपका नंबर नहीं आने वाला

