गर्लफ्रेंड बनाने में बुराई नहीं, शादी का वादा किया तो निभाओ भी, युवाओं को राज्यपाल आनंदीबेन की नसीहत

Anandiben Patel: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कम उम्र की लड़कियों के साथ हो रही घटनाओं पर चिंता जताते हुए युवाओं को रिश्तों और जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “गर्लफ्रेंड बनाने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन छोटी-छोटी बच्चियों को मां बनाकर छोड़ देना गलत है।” उन्होंने युवाओं से कहा कि अगर किसी लड़की से शादी का वादा किया है, तो उसे पूरा भी करना चाहिए।

राज्यपाल लखनऊ स्थित महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने युवाओं से पहले अपने पैरों पर खड़े होने और परिवार की जिम्मेदारी उठाने लायक बनने की अपील की।

13-14 साल की बच्चियों को मां बनाकर छोड़ना गलत

युवाओं को संबोधित करते हुए आनंदीबेन पटेल ने कहा कि छात्रों को गलत कामों में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्हें अपने साथियों को भी गलत गतिविधियों से रोकने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छे लोगों के साथ रहने से अच्छे विचारों को समझने और अपनाने में मदद मिलती है।

राज्यपाल ने पानी का उदाहरण देकर अपनी बात समझाई। उन्होंने कहा कि अगर पानी में लगातार गंदगी डाली जाएगी, तो साफ पानी भी दूषित हो जाएगा। वहीं, उसे साफ रखने का प्रयास किया जाए तो उसकी शुद्धता बनी रहेगी। इसी तरह समाज में अच्छे विचारों और सही ज्ञान को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने कम उम्र में लड़कियों को मां बनाकर छोड़ देने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए। राज्यपाल ने कहा कि 13 से 14 साल की बच्चियों को मां बनाकर छोड़ देना सही नहीं है। युवाओं को अपने फैसलों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और समाज में गलत गतिविधियों को रोकने के लिए आगे आना चाहिए।

गरीब बच्चों की शिक्षा और कौशल पर दिया जोर

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि युवाओं के ज्ञान और मेहनत का सही इस्तेमाल होना चाहिए। गरीब परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए केवल आर्थिक मदद देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के अवसर भी देने होंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए।

आत्मनिर्भर भारत के लिए एआई का इस्तेमाल करें युवा

आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से डेटा जुटाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों का उपयोग देश को आत्मनिर्भर बनाने और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए किया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने गुजरात सरकार में मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस दौरान गरीब परिवारों के बच्चों की मदद के लिए एक पहल शुरू की गई थी।

उन्होंने कहा कि लोगों से मुलाकात के दौरान होने वाले खर्च को समाज के हित में इस्तेमाल करने का विचार आया। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्रों में गरीब परिवारों के बच्चों के लिए चने और गुड़ की व्यवस्था की गई थी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.