मीका सिंह उत्तराखंड में फ्री में करेंगे परफॉर्म, लेकिन मंत्री से माफी मांगने की रखी शर्त
Daler Mehndi Controversy: पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुआ विवाद अब चर्चा में है। कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान मंत्री की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद गायक मीका सिंह समेत कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में आए।
अब मीका सिंह ने उत्तराखंड में मुफ्त में प्रस्तुति देने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने इसके लिए एक शर्त भी रखी है। मीका ने कहा कि पहले मंत्री सुबोध उनियाल दलेर मेहंदी से माफी मांगें।
बीजेपी नेता ने मीका सिंह से की मुफ्त कार्यक्रम की मांग
बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी विनय गोयल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह दलेर मेहंदी के बड़े प्रशंसक हैं और इससे पहले उन्हें कभी नहीं देखा था। उन्होंने बताया कि उनकी जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में पहले गायिका सुनंदा शर्मा को आना था, लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उनकी जगह दलेर मेहंदी पहुंचे।
विनय गोयल ने कहा कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें पहले ही बता देना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई सामान्य कार्यक्रम नहीं था, बल्कि नवरात्रि के खास मौके पर माता के लिए आयोजित किया गया था।
मीका सिंह के दलेर मेहंदी का समर्थन करने पर विनय गोयल ने कहा कि केवल शब्दों से कुछ नहीं होता। अगर मीका के मन में अपने भाई के लिए सच में सम्मान है, तो उन्हें उत्तराखंड आकर मुफ्त में कार्यक्रम करना चाहिए।
मीका सिंह बोले- पहले दलेर मेहंदी से माफी मांगें मंत्री
विनय गोयल की मांग पर मीका सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “ठीक है सर, मैं उत्तराखंड आऊंगा और फ्री में आपके लिए परफॉर्म करूंगा। लेकिन इससे पहले प्लीज अपने मंत्री को कहें कि दलेर मेहंदी जी से माफी मांगें।”
मीका ने दावा किया कि दलेर मेहंदी ने पूरे एक घंटे 30 मिनट तक प्रस्तुति दी थी और वहां मौजूद लोग उनके गानों पर नाच भी रहे थे। इसके बावजूद उन पर शराब पीकर प्रस्तुति देने का आरोप लगाया गया।
मीका सिंह ने आगे लिखा कि वह विनय गोयल को कार्यक्रम का वीडियो भेज रहे हैं, जिसे देखकर वह खुद तय कर सकते हैं कि वहां क्या हुआ था। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वीडियो में मंत्री नशे की हालत में आते हुए दिखाई दें, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी?
मीका ने अपनी बात रखते हुए पूछा, “सर, मेरा आपसे एक सीधा सवाल है- क्या नियम और जवाबदेही सभी के लिए एक समान नहीं होने चाहिए?”
कुंजापुरी मेले में क्या हुआ था?
यह विवाद उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान शुरू हुआ था। वायरल वीडियो में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर आते हैं और गायक से सवाल करते दिखाई देते हैं। मंत्री ने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी शराब पीकर प्रस्तुति दे रहे थे।
वीडियो में मंत्री यह भी कहते नजर आए कि गायक ने 35 लाख रुपये लिए, लेकिन इसके बावजूद वह ठीक से गाना नहीं गा रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद मीका सिंह सबसे पहले दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए। इसके बाद कई अन्य गायकों और कलाकारों ने भी उनका समर्थन किया। अब मुफ्त में कार्यक्रम करने की पेशकश के साथ मीका सिंह ने मंत्री से माफी की मांग उठाई है।

