लखनऊ में शुक्रवार से बिजली बकाएदारों पर होगी कार्रवाई, 5 हजार से ज्यादा बिल पर कटेगा कनेक्शन

Lucknow News: लखनऊ में बिजली का बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ शुक्रवार से अभियान चलाया जाएगा। लेसा की जांच में जिन उपभोक्ताओं पर 5 हजार रुपये से अधिक का बकाया मिलेगा, उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। विभाग ने लोगों से जल्द से जल्द बिल जमा करने की अपील की है। कनेक्शन कटने के बाद दोबारा बिजली चालू कराने के लिए बकाया रकम के साथ जुड़ने का शुल्क और पेनाल्टी भी देनी पड़ सकती है।

लखनऊ मध्य जोन के मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने बताया कि बकाएदारों को एसएमएस के जरिए पहले ही बिल जमा करने के लिए कहा जा रहा है। बड़े बकाएदारों को कनेक्शन काटने की चेतावनी भी दी गई है। शुक्रवार से ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान शुरू होगा।

गोमती नगर विस्तार में बिजली चोरी के तीन मामले पकड़े गए

बिजली विभाग ने गोमती नगर विस्तार में 28 परिसरों की जांच की। इस दौरान तीन उपभोक्ता सीधे बिजली के खंभे से तार जोड़कर बिजली इस्तेमाल करते मिले।

सेक्टर-4 में जितेंद्र प्रजापति और मुलायम सिंह के परिसर में बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके अलावा जुग्गौर की शिवसिटी में सन्नो के परिसर में भी बिजली चोरी का मामला सामने आया। विभाग ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई की है।

कबीर नगर उपकेंद्र की खराबी से साढ़े तीन घंटे बिजली गुल

कबीर नगर उपकेंद्र में तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार सुबह 7 बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इससे जुड़े इलाकों में सुबह करीब 10:30 बजे बिजली बहाल हो सकी। करीब साढ़े तीन घंटे तक बिजली न आने से लगभग 50 हजार लोगों को परेशानी हुई।

बिजली गुल होने से कई इलाकों में पानी की किल्लत हुई। लोगों को स्कूल और कार्यालय पहुंचने में भी देरी का सामना करना पड़ा। प्रभावित क्षेत्रों में पंडित खेड़ा, हंस खेड़ा, गोकुल स्टेट, काशीराम कॉलोनी, शुभम सिटी, सन सिटी, मुन्नू खेड़ा, चुन्नू खेड़ा, डूडा कॉलोनी, गायत्री पुरम, आसरा कॉलोनी और कृष्ण विहार समेत आसपास की कई कॉलोनियां शामिल रहीं।

महानगर समेत कई इलाकों में शुक्रवार को बिजली कटौती

सीएम ग्रिड योजना के तहत काम, ट्रांसफार्मर लगाने और पेड़ों की छंटाई के कारण शुक्रवार को लखनऊ के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

  • न्यू हैदराबाद: सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली कटौती होगी।
  • पेपरमिल कॉलोनी: दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
  • महानगर: सुभाष पार्क उपकेंद्र के सीआईडी फीडर से जुड़ी 11 केवी और एलटी लाइनों के पास पेड़ों की छंटाई होगी। इसके चलते दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक बिजली प्रभावित रहेगी।
  • अलीगंज: सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रह सकती है।

इन कार्यों के कारण संबंधित क्षेत्रों और आसपास की कॉलोनियों के उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है। बिजली विभाग ने बकाएदारों से समय रहते बिल जमा करने और कनेक्शन कटने से बचने की अपील की है।

Also Read: बरेली जिला अस्पताल में सुरक्षा पर उठे सवाल, तीमारदार के हाथ से मोबाइल और पर्स छीनकर भाग निकला चोर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.