‘मुझे नहीं बनना MLC’, आगरा में चुनावी शिकायतों के बीच फूट-फूटकर रोए सपा प्रत्याशी

Agra MLC Election: उत्तर प्रदेश के आगरा में शिक्षक खंड एमएलसी चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल (Akash Agrawal) कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने चुनाव में बूथ कैप्चरिंग, कॉलेज संचालकों और शिक्षकों को धमकाने तथा उनके संस्थानों में पुलिस भेजने के आरोप लगाए।

शिकायत लेकर वह चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर और मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप से मिले थे। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अब उन्हें एमएलसी नहीं बनना है। उन्होंने अगले महीने लखनऊ की शाही ईदगाह में धर्म परिवर्तन कराने की बात भी कही।

बूथ कैप्चरिंग और धमकाने के लगाए आरोप

शुक्रवार को आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ। मतदान शुरू होने के कुछ समय बाद ही फतेहाबाद, खेरागढ़ और मथुरा के छाता में बूथ कैप्चरिंग की शिकायतें सामने आईं। इन घटनाओं से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए।

सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल (Akash Agrawal) ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि उनके समर्थकों, कॉलेज संचालकों और शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्रवाल समाज के कॉलेज संचालकों के संस्थानों में पुलिस भेजी जा रही है और उन्हें धमकाया जा रहा है। इन शिकायतों को लेकर उन्होंने मंडलायुक्त से मुलाकात की।

‘मुझे नहीं बनना MLC’, रोते हुए कही धर्म परिवर्तन की बात

मीडिया से बातचीत के दौरान आकाश अग्रवाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, जैसे वह पाकिस्तान से आए कोई आतंकवादी हों। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता कि चुनाव लड़ने पर इस तरह परेशान किया जाएगा, तो वह चुनाव नहीं लड़ते।

उन्होंने कहा, “सरकार अब जो चाहे कर ले, मुझे एमएलसी नहीं बनना है।” साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों और परिवार को परेशान नहीं करने की अपील की।

Akash Agrawal ने धर्म परिवर्तन की बात करते हुए कहा कि सनातनी होने के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है और वह ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहते। उन्होंने कहा कि अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में धर्म परिवर्तन कराएंगे।

सपा प्रत्याशी ने कहा कि उन्हें चुनाव में हार-जीत से फर्क नहीं पड़ता और आजाद भारत में उन्हें अपनी पसंद की पार्टी से चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने चुनाव में कथित गड़बड़ियों को अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बताया। साथ ही कहा कि सरकार चाहे तो उन पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज सकती है और वह इसके लिए भी तैयार हैं।

Also Read: UP MLC Election: शिक्षक सीट पर 55.76% और स्नातक में 38.72% मतदान, लखनऊ में कम वोटिंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.