बिहार के सीवान में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 5 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर गांव में एक मकान में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान एक जोरदार धमाका होने से बड़ा हादसा हो गया है। इस भीषण विस्फोट में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई और मकान का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। मामले में भारी लापरवाही बरतने के आरोप में स्थानीय थाना प्रभारी और चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
हादसे के वक्त मौजूद थे 7 से 8 लोग
सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सिविल सर्जन और मेडिकल टीम के घटनास्थल पर किए गए परीक्षण के बाद अब तक 5 शवों के बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। हादसे के वक्त मकान के भीतर 7 से 8 लोगों के मौजूद होने की बात सामने आ रही है। इनमें से पांच की जान जा चुकी है, जबकि 2 से 3 लोगों के धमाके के समय घर से बाहर रहने की सूचना है, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। सिविल सर्जन की मेडिकल टीम ने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे अभी कुछ और लोग या शव दबे हो सकते हैं, जिसके मद्देनजर राहत और बचाव अभियान अभी भी युद्धस्तर पर जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद है। मौके पर लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की विशेष टीमें मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही हैं और पूरे परिसर की सघन तलाशी ले रही हैं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों का बारीकी से मुआयना करने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस अवैध पटाखा निर्माण के नेटवर्क और इसके पीछे के मुख्य आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है।
थाना प्रभारी और चौकीदार पर गिरी गाज
इलाके में अवैध रूप से बारूद का भंडारण और पटाखों के निर्माण पर रोक लगाने में विफल रहने के कारण प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की गई है। जामो बाजार थाना प्रभारी और बीट के चौकीदार चंद्रिका मांझी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम और अन्य प्रासंगिक गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: जामिया प्रदर्शन में पहुंचे इमरान मसूद और मोहिबुल्लाह नदवी, दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया

