Cyclone Arnab: आंध्र प्रदेश में तूफान से 5 मौतें, 55 हजार लोगों का रेस्क्यू, UP-बिहार में बारिश का अलर्ट
Cyclone Arnab: साइक्लोन अर्नब ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई है। 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंकों के बीच अब तक पांच लोगों की मौत की खबर है।
तूफान के खतरे को देखते हुए 55 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत और बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 39 टीमें तैनात की गई हैं।
Cyclone Arnab का असर अब उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के मौसम पर भी पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराया तूफान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 28 अक्टूबर की सुबह तूफान ने आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय क्षेत्रों में दस्तक दी। बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के दक्षिण-पश्चिम में इसका लैंडफॉल हुआ। सुबह 8:30 बजे तक तूफान का केंद्र जमीन पर आ चुका था। इसके बाद इसकी तीव्रता बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान से घटकर गंभीर चक्रवाती तूफान की श्रेणी में आ गई। आगे इसके कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई।
NDRF के डीआईजी एसएस सूडान ने बताया कि राज्य सरकार के साथ मिलकर निचले और संवेदनशील तटीय इलाकों से लोगों को निकाला गया। मंगलवार को चार टीमों को एयरलिफ्ट करके भेजा गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रशासन जान-माल का नुकसान कम करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
तूफान के कारण काकीनाडा के पास उप्पाडा तटीय सड़क को भी नुकसान पहुंचा है। समुद्र में ऊंची लहरों और तटीय कटाव के कारण संपर्क व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
यूपी, एमपी और बिहार में मौसम का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट है। 29 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है।
मध्य प्रदेश के रीवा, सतना, सीधी और मऊगंज समेत विंध्य क्षेत्र में 28 अक्टूबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। बिहार में 28 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 29 और 30 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज झोंकों का अलर्ट बताया गया है।
तूफान (Cyclone Arnab) कमजोर पड़ने के बावजूद तटीय क्षेत्रों में राहत और बहाली का काम जारी है। लोगों को प्रशासन की सलाह मानने और खतरे वाले इलाकों से दूर रहने को कहा गया है।
Also Read: इलाहाबाद HC के जज के खिलाफ वकीलों का हंगामा, कोर्ट में फेंका फर्नीचर, अब कार्रवाई के निर्देश

