प्रयागराज में जमीन के नीचे दबे मिले नोटों से भरे ड्रम, 4 करोड़ की गिनती, 60 करोड़ से ज्यादा होने की चर्चा

Prayagraj Cash Recovery: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जमीन के नीचे दबाकर रखे गए नोटों का जखीरा मिलने से हड़कंप मच गया। बरईपुर रामनगर में एक मकान के अंदर खुदाई के दौरान नोटों से भरे कई ड्रम बरामद हुए। पुलिस ने मकान को चारों तरफ से घेरकर तलाशी ली और नोटों की गिनती के लिए संबंधित विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। देर रात तक करीब चार करोड़ रुपये की गिनती हो चुकी थी, जबकि सूत्रों के हवाले से बरामद रकम 60 करोड़ रुपये से ज्यादा होने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने कुल रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के मुताबिक, मकान से करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं। गिनती पूरी होने के बाद ही कुल रकम का पता चल सकेगा। पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

नोटबंदी के दौरान रुपये लेकर भागने की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, बरईपुर रामनगर का रहने वाला व्यक्ति कुछ साल पहले पुणे में एक फर्म में काम करता था। बताया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान वह बोरियों में भरे रुपये लेकर वहां से फरार हो गया था। गांव लौटने के बाद उसने कई बीघा जमीन खरीदी और कथित तौर पर मकान के अंदर ड्रमों में रुपये भरकर जमीन के नीचे दबा दिए।

हाल ही में उसकी अपने पड़ोसी पट्टीदार से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान जमीन में रुपये छिपाकर रखने की बात पुलिस तक पहुंच गई। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर बुधवार रात पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसकी निशानदेही पर खुदाई शुरू कराई गई।

नोटों का जखीरा देखकर जुटी भीड़

खुदाई में एक के बाद एक नोटों से भरे कई ड्रम निकलने लगे। यह देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। नोटों की गिनती देर रात तक जारी रही और पुलिस बरामद रकम के स्रोत के बारे में आरोपी से पूछताछ करती रही।

मकान को चारों तरफ से पुलिस के घेरे जाने पर पहले इलाके में अफरातफरी मच गई। बाद में जमीन के नीचे नोटों का जखीरा मिलने की खबर फैली तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल बरामद रकम की वास्तविक मात्रा और रुपये कहां से आए, इसकी पुष्टि जांच और गिनती पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Also Read: यूपी के 3.82 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं को राहत, 1 नवंबर से दो बार जांच के बाद मिलेगा बिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.