प्रयागराज में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भूपेश बघेल ने उठाया ‘वोट चोरी’ और OBC भागीदारी का मुद्दा
Prayagraj News: प्रयागराज में रविवार को कांग्रेस (Congress) ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ सामाजिक न्याय सम्मेलन आयोजित किया। सरदार पटेल संस्थान, अलोपीबाग में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग की ओर से हुए इस कार्यक्रम में मताधिकार, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने किसानों और मजदूरों के हितों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने देश में कथित वोट चोरी की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी भी इस विषय को उठा रहे हैं। बघेल ने उत्तर प्रदेश सरकार पर पिछड़े वर्गों, किसानों और मजदूरों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
मताधिकार की रक्षा और सामाजिक न्याय पर जोर
UP Congress प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी के संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने लोगों से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि लोकतंत्र में किसी वयस्क नागरिक से वोट का अधिकार छीनना उसके जीवन से प्राण निकालने जैसा है। उन्होंने मताधिकार की रक्षा के लिए प्रदेश की जनता से सड़क पर उतरने और जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की।
ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद ने जातिगत गणना कराने, आबादी के अनुपात में आरक्षण देने और संसाधनों में उचित भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
OBC आरक्षण और भर्ती का मुद्दा भी उठा
विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। वहीं, ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने आरक्षण, सरकारी नौकरियों में पिछड़े वर्ग की भागीदारी और टीजीटी भर्ती में ओबीसी आरक्षण को लेकर सवाल उठाए।
सम्मेलन के आयोजक और किसान मजदूर मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण सिंह पटेल ने उपस्थित लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजमणि पटेल, अनुग्रह नारायण सिंह, सुशील पासी, देवेंद्र निषाद और जितेंद्र पटेल समेत Congress के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read: प्रयागराज में जलभराव रोकने के लिए हाईकोर्ट सख्त, 50 साल की जरूरतों के हिसाब से बनेगा ड्रेनेज प्लान

