अमित शाह ने यूपी में तीसरी बार बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का किया आह्वान

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में दीप प्रज्जवलित कर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का औपचारिक शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री तथा पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं को शाह का मंत्र, अपनी नाराजगी गोमती में डालकर जाएं

सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर भारी उत्साह भरा और वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का स्पष्ट लक्ष्य तय किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी निजी आकांक्षाओं और गिले-शिकवे को पीछे छोड़कर संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होने की अपील की। कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए गृह मंत्री ने चुटीले अंदाज में कहा कि सभी अपनी नाराजगी गोमती नदी में विसर्जित करके आएं, क्योंकि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को ‘अंगद का पैर’ की तरह अडिग बनाए रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान वे खुद बार-बार कार्यकर्ताओं के बीच आएंगे और उनके कार्यों का हिसाब-किताब भी मांगेंगे।

अखिलेश और राहुल पर साधा निशाना

विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश के नेतृत्व में सपा लगातार चुनाव हार रही है, जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी सत्ता पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल की निरर्थक बयानबाजी का माकूल जवाब जनता 2027 में भाजपा की पुनः सरकार बनाकर देगी। यदि विपक्षी दल इसी रवैये से काम करते रहे, तो उन्हें लंबे समय तक सत्ता का मुंह देखने को नहीं मिलेगा।

योगी सरकार के कामकाज और निवेश की सराहना

प्रदेश की कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये जमीन पर उतर चुके हैं। बेहतर कानून-व्यवस्था ने राज्य में सुरक्षित माहौल तैयार किया है, जिससे रोजगार के नए आयाम खुले हैं। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि यदि सपा और बसपा के पूरे शासनकाल के विकास कार्यों को मिला दिया जाए, तब भी योगी सरकार का एक कार्यकाल उन पर भारी साबित होगा।

विकास योजनाएं, समान नागरिक संहिता और आगामी संकल्प

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने यूपी के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी और सीएम योगी ने केंद्रीय योजनाओं को पूरी ईमानदारी से धरातल पर उतारा है। आज देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क और जेवर में बन रहा देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 2027 में यूपी में तीसरी बार सरकार बनने के बाद ‘समान नागरिक संहिता’ (UCC) लागू की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने दिसंबर 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के संकल्प को भी दोहराया।

कानून-व्यवस्था, राम मंदिर और वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार

कानून-व्यवस्था और राम मंदिर के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सीएम योगी ने राज्य से माफिया राज का पूरी तरह सफाया कर दिया है, जिससे दंगों की घटनाओं में 70 प्रतिशत तक की भारी कमी आई है। उन्होंने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाए जाने की घटना का जिक्र कर सपा पर जोरदार हमला बोला। वहीं, वोट चोरी के विपक्षी आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि चुनावों में हार से बौखलाया विपक्ष अब अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहा है। भाजपा संसद के विशेष सत्र में इन सभी आरोपों पर खुली चर्चा और हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

संगठन की ताकत और चुनावी विजय गाथा का स्मरण

अमित शाह ने ओडिसा, हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और असम समेत देश के तमाम राज्यों में पार्टी की सफलताओं का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने 2014 और 2017 के पुराने दिनों को याद किया, जब सीमित संसाधनों और कम विधायकों के बावजूद तहसील स्तर तक मेहनत कर पार्टी ने उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक विजय हासिल की थी।

Also Read: यूपी में चुनावी बिसात बिछाने लखनऊ पहुंचे अमित शाह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का किया उद्घाटन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.