दिवाली के बीच UP में बम धमाकों की धमकी, अयोध्या-काशी-मथुरा निशाने पर, स्कूलों को भी चेतावनी

UP Bomb Threat Email: उत्तर प्रदेश में दिवाली के बीच बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए एक ईमेल में अयोध्या, काशी और मथुरा को निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल में 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच धमाके करने की धमकी दी गई है। स्कूलों को भी चेतावनी दी गई है कि इस दौरान बच्चों को स्कूल न भेजें।

सूत्रों के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल (UP Bomb Threat Email) अयोध्या के आईसीएसई बोर्ड से संचालित एक स्कूल को मिला है। इसके अलावा अंबेडकर नगर के दो स्कूलों को भी इसी तरह के मेल भेजे गए हैं। ईमेल में बच्चों की सुरक्षा का हवाला देकर अभिभावकों को तय तारीखों के बीच बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की चेतावनी दी गई है।

1984 के दंगों का जिक्र, ‘खून का बदला खून’ की धमकी

धमकी भरे ईमेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र किया गया है। इसमें ‘खून का बदला खून’ लिखते हुए सिख नक्सली कार्रवाई करने की बात कही गई है। मेल भेजने वालों ने 8 से 27 नवंबर के बीच धमाकों की चेतावनी देते हुए अयोध्या, काशी और मथुरा का नाम लिया है।

साइबर सेल और यूपी ATS ने शुरू की जांच

धमकी मिलने के बाद अयोध्या की साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (UP ATS) को भी जांच में लगाया गया है। एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान और इसके पीछे इस्तेमाल किए गए नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।

फिलहाल धमकी की गंभीरता और इसकी विश्वसनीयता की जांच की जा रही है।

Also Read: लखनऊ की सफाई व्यवस्था पर योगी का एक्शन, 3 कर्मचारी सस्पेंड, 2 की नौकरी गई, रामकी पर 15 लाख जुर्माना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.