मेरी गाड़ी का काटा 8 लाख का चालान…, अखिलेश यादव बोले- वसूली कर रही है पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस पर जनता से वसूली करने और पूरे सिस्टम को भाजपा के इशारों पर चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब भाजपा सरकार के गिनती के दिन ही बचे हैं और वह जल्द ही सत्ता से बाहर हो जाएगी।

लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार जनता को सुविधाएँ देने की जगह सिर्फ टैक्स वसूल रही है। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी गाड़ी का ओवर-स्पीडिंग के लिए 8 लाख रुपये का चालान कर दिया गया, जबकि सरकार द्वारा दी गई गाड़ी चलने लायक भी नहीं है।

‘ट्रंप के टैरिफ ने भाजपा के मुंह पर ताला लगाया’

अखिलेश यादव ने जीएसटी की दरों में बदलाव को चुनाव से जोड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुनाफाखोरी कम करने के बजाय सिर्फ चुनावी फायदे के लिए ऐसे फैसले ले रही है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर लगाए गए 50% टैरिफ का जिक्र करते हुए कहा कि इससे ‘मेक इन इंडिया’ का नारा खोखला साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चीन के सामान से भारतीय बाजारों को भर रही है, जिससे ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना खत्म हो जाएगी।

चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना

सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग पर भी तंज कसा और उसे ‘जुगाड़ आयोग’ बताया। उन्होंने कहा कि अब आयोग की चोरी पकड़ी जा चुकी है, जो भाजपा के लिए वोटों का इंतजाम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था ही धोखा दे तो जनता कहाँ जाए। अखिलेश यादव ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की और कहा कि यह अपमानजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार में हर कोई दुखी है और हर जगह भ्रष्टाचार और वसूली का बोलबाला है।

Also Read: Unnao News: बशीरतगंज में गंगा एक्सप्रेसवे पर बवाल, साक्षी महाराज ने दी आंदोलन की चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.