Varanasi News: तहसील परिसर में आत्मदाह करने वाले मृतक के घर पहुंचा सपा का प्रतिनिधिमंडल, व्यक्त किया शोक संवेदना
Varanasi News: राजातालाब तहसील में आग लगाकर आत्महत्या करने वाले महंत वशिष्ठ नारायण गौंड के परिवार से मिलने मंगलवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पहुंचे इस दल ने मिर्जापुर थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव में जाकर मृतक के बड़े भाई राम लखन गौड़, उनकी पत्नी गीता देवी और बेटे कपिल देव गौड़ से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

सपा प्रतिनिधिमंडल में एमएलसी आशुतोष सिन्हा, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रिबू श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री लल्लन राय, और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विनोद भास्कर गौड़ जैसे नेता शामिल थे। उन्होंने इस घटना के लिए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ाई लड़ेगी।

एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने मौके से ही वाराणसी के जिलाधिकारी को फोन किया और कुछ मांगें रखीं। उन्होंने जिलाधिकारी से अपील की कि मृतक के परिवार के लिए आवास बनवाया जाए, उन पर लगाया गया जुर्माना हटाया जाए, और उन्हें आवासीय व कृषि पट्टा दिया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने परिवार को आर्थिक मदद देने की भी मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक महेंद्र सिंह, महिला सभा की जिलाध्यक्ष शशि यादव और कई अन्य सपा नेता भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक

