बरेली में 1 नवंबर को लगेगा विशाल मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, जागरूकता के लिए उतारे गए पैरा लीगल वालंटियर्स

Bareilly News: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों तथा बरेली के जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 1 नवंबर 2026 को एक भव्य मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और पात्र लोगों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेगा शिविर को सफल बनाने के लिए सभी प्रमुख प्रशासनिक विभागों के साथ आपसी समन्वय स्थापित किया गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित होने वाली विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं से उन पात्र व्यक्तियों को जोड़ा जाएगा जो अब तक इन सुविधाओं से वंचित रहे हैं। शिविर के माध्यम से एक ही छत के नीचे तमाम सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को प्रदान किया जाएगा।

पैरा लीगल वालंटियर्स संभाल रहे कमान

मेगा विधिक सहायता शिविर के सफल आयोजन और इसके प्रति आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। प्राधिकरण के अंतर्गत कार्यरत पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs) को इस कार्य में लगाया गया है, जो शहर के विभिन्न हिस्सों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। वे नुक्कड़ व जागरूकता शिविरों के माध्यम से आम जनता को 1 नवंबर को लगने वाले इस वृहद शिविर में मिलने वाले लाभों की जानकारी दे रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका फायदा उठा सकें।

Also Read: Bareilly News: बिजली के तार चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.