Bareilly News: BSNL कार्यालय में चोरी का प्रयास विफल, रंगे हाथ तौफीक गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की थाना बहेड़ी पुलिस ने बीएसएनएल (BSNL) के मुख्य कार्यालय में चोरी का प्रयास करने और सरकारी संपत्ति चुराने के मामले में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को बीएसएनएल बहेड़ी के उपमंडलीय अभियंता सौरभ कुमार (पुत्र स्व. रामप्रसाद, निवासी इंद्रा नगर, बरेली) ने बहेड़ी बाईपास रोड स्थित कार्यालय परिसर में चोरी करते समय अभियुक्त तौफीक को रंगे हाथों पकड़ लिया। जिसके बाद उसे तत्काल बहेड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
ताला और शटर तोड़कर सरकारी संपत्ति चुरा रहा था आरोपी
घटना का विवरण देते हुए पीड़ित उपमंडलीय अभियंता सौरभ कुमार ने बताया कि वे अपने साथी कर्मचारियों ऑपरेटर जितेंद्र कुमार और विक्की के साथ परिसर में मौजूद थे, तभी अभियुक्त तौफीक (पुत्र रईस अहमद, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी मोहम्मदपुर, कस्बा व थाना बहेड़ी, बरेली) को चोरी की नीयत से शटर व ताला तोड़ते देखा गया। कर्मचारियों की सतर्कता से आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना बहेड़ी में मुकदमा अपराध संख्या 0813/2026 धारा 305(a) व 317(2) BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत केस पंजीकृत किया गया है।
शटर तोड़ने के औजार बरामद
अभियुक्त तौफीक को माल सहित पुलिस हिरासत में सौंपा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से BSNL परिसर से चुराई गई एक 65 एम्पियर (Amaron) बैटरी, एक 63 एम्पियर चेंजओवर स्विच, दो सी-डॉट (C-DOT) ईपीसी कार्ड तथा ताला और शटर तोड़ने में इस्तेमाल किए गए कई औजार बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं और बरामद माल को जब्त करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

