धामपुर में 6 सितंबर को होगी सिख समाज की बड़ी बैठक, सिख जनगणना और शिक्षा पर बनेगी रणनीति
Lucknow News: उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की 8वीं विशेष बैठक 6 सितंबर 2026 को धामपुर, बिजनौर में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेशभर की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, सिख संस्थाओं और समाज के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सार्वजनिक गार्डन, काशीपुर-हरिद्वार हाईवे रोड, धामपुर में होने वाली इस बैठक का मुख्य एजेंडा सिख समाज के शैक्षिक, सामाजिक और संस्थागत विकास के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करना है। कमेटी के उपाध्यक्ष सरदार निर्मल सिंह ने बताया कि बैठक में प्रस्तावित ‘सिख जनगणना अभियान’ (Sikh Census) को आगे बढ़ाने पर विशेष चर्चा होगी। अभियान के तहत सिख परिवारों की शिक्षा, व्यवसाय और सामाजिक स्थिति से संबंधित डाटा एकत्र कर भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी है।
कोऑर्डिनेटर गुरप्रीत सिंह बग्गा के अनुसार बैठक में सिख शिक्षण संस्थानों को मजबूत करने, मेडिकल, तकनीकी और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी समाज तक पहुंचाने तथा सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक के मुख्य आयोजक उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के उप प्रधान पश्चिमांचल सरदार सतवंत सिंह सलूजा और सेक्रेटरी पश्चिमांचल सरदार अमनदीप सिंह हैं।
आयोजक सतवंत सिंह सलूजा ने बताया कि बैठक में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव बिजै सिंह, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजीत सिंह जिंदा, दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य भूपिंदर सिंह गिन्नी, एनसीआर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह रम्मी समेत उत्तर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों के प्रमुख सिख प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने प्रदेश की सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, सिख संस्थाओं और समाज के प्रतिनिधियों से बैठक में सक्रिय भागीदारी तथा अधिक से अधिक परिवारों को सिख जनगणना अभियान से जोड़ने की अपील की है।
Also Read: अतिक्रमण हटाने के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया जरूरी नहीं, हाईकोर्ट ने साफ किया नियम

