इटली में मेलोनी सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाली पहली महिला PM बनीं, पीएम मोदी ने दी बधाई
Sandesh Wahak Digital Desk: इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने देश के युद्ध-बाद (द्वितीय विश्व युद्ध) के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि मेलोनी के कुशल नेतृत्व में इटली की जनता के अटूट भरोसे और गहरे विश्वास को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने दी बधाई, रणनीतिक साझेदारी पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, इटली के युद्ध-बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को बधाई। यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली के लोगों के भरोसे और विश्वास का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने भारत और इटली के रिश्तों पर बात करते हुए आगे कहा, भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनकी दोस्ती की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मैं दोनों देशों के नागरिकों के समृद्ध भविष्य के लिए हमारे करीबी सहयोग को निरंतर जारी रखने की उम्मीद करता हूं। आने वाले वर्षों में उनकी सफलता के लिए मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
Congratulations to my friend Prime Minister Meloni on becoming the longest continuously serving Prime Minister in Italy's postwar history. This milestone is a reflection of the trust and confidence of the Italian people in her leadership.
Her friendship has also been…
— Narendra Modi (@narendramodi) September 4, 2026
22 अक्टूबर 2022 को संभाली थी देश की कमान
गौरतलब है कि 49 वर्षीय जियोर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर, 2022 को इटली के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। गुरुवार को लगातार 1,413 दिनों तक पद पर बने रहने के साथ ही उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद देश में सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली नेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही वह इटली की प्रधानमंत्री बनने वाली पहली महिला भी हैं।
पीएम मोदी के नाम भी दर्ज है लगातार लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड
दिलचस्प बात यह है कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम भी भारत में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है। पीएम मोदी लगातार 4,399 दिनों से अधिक समय तक पद पर बने रहकर देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्रियों की सूची में शीर्ष पर हैं। 9 जून 2024 को एनडीए (NDA) सरकार के तीसरे कार्यकाल की शपथ लेने के साथ ही उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,398 दिनों के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था।
Also Read: धामपुर में 6 सितंबर को होगी सिख समाज की बड़ी बैठक, सिख जनगणना और शिक्षा पर बनेगी रणनीति

