Prayagraj: चार हत्याओं की गुत्थी सुलझी, परिवार का दुश्मन निकला अपना ही बेटा
Sandesh Wahak Prayagraj Desk: Prayagraj Murder Case में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि परिवार के बेटे ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर माता-पिता और बहन की हत्या की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि इस वारदात के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति और करीब डेढ़ करोड़ रुपये के जेवरात का लालच था।
पुलिस के अनुसार साजिश के तहत पहले परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की गई। इसके बाद दोनों आरोपी घर में मौजूद जेवरात और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। शुरुआती जांच को भटकाने के लिए घटनास्थल पर एक तख्ती भी छोड़ी गई, जिस पर दूसरे परिजनों को फंसाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, फिर दोस्त बना दुश्मन
जांच में पता चला कि घटनास्थल पर मिला संदेश भी बेटे ने ही लिखा था ताकि शक परिवार के अन्य लोगों पर जाए। लेकिन पुलिस को मिले सबूतों और पूछताछ ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
इस बीच वारदात के बाद जब दोनों आरोपी जेवरात के बंटवारे के लिए पहुंचे, तो उनके बीच विवाद हो गया। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद में दोस्त ने बेटे की भी हत्या कर दी और पूरा माल अपने कब्जे में लेने की कोशिश की।
चार शव मिलने से मचा था हड़कंप
मंगलवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर इस पूरे मामले का खुलासा हुआ था। पुलिस जब मकान के अंदर पहुंची तो पहली मंजिल पर बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी के शव मिले, जबकि नीचे एक दुकान से बेटे का शव बरामद हुआ। पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को केमिकल से जलाने की भी कोशिश की गई थी।
फिलहाल Prayagraj Murder Case में पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से बड़ी मात्रा में जेवरात भी बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Also Read: Lucknow News: STF को मिली बड़ी सफलता, फर्जी आयुष्मान कार्ड गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

