Lucknow News: STF को मिली बड़ी सफलता, फर्जी आयुष्मान कार्ड गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: स्पेशल टास्क फोर्स (STF), उत्तर प्रदेश ने आयुष्मान भारत योजना में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए संगठित गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को लखनऊ से गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर हजारों अपात्र व्यक्तियों के फर्जी आयुष्मान कार्ड बनवाकर सरकार को भारी राजस्व क्षति पहुंचाने का आरोप है।

STF के अनुसार, 2 जून 2026 को साइबर टीम और थाना साइबर क्राइम लखनऊ की संयुक्त कार्रवाई में बुद्धेश्वर क्षेत्र से चक्र शेरू उर्फ अभिषेक उर्फ अजय (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी हरदोई जिले का निवासी है और वर्तमान में तालकटोरा थाना क्षेत्र में रह रहा था। वह बीएससी शिक्षित है।

ओटीपी बायपास कर बनते थे फर्जी कार्ड

जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह अपात्र लोगों को पात्र परिवारों की फैमिली आईडी में जोड़कर, ओटीपी बायपास तकनीक के जरिए आयुष्मान कार्ड अप्रूव कराता था।

इसके लिए एक फर्जी पोर्टल का इस्तेमाल किया जाता था, जिसमें प्रदेश के सभी 75 जिलों की फैमिली आईडी का डेटा मौजूद था।

इस प्रक्रिया में ओटीपी परिवार के मुखिया की बजाय जिस व्यक्ति को जोड़ा जा रहा था, उसके मोबाइल पर जाता था।

एक साल में करीब 1500 फर्जी आयुष्मान कार्ड

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने बीते एक वर्ष में करीब 1500 फर्जी आयुष्मान कार्ड बनवाए, जिनका इस्तेमाल कर विभिन्न अस्पतालों में मुफ्त इलाज कराया गया।

इससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा। आरोपी प्रति कार्ड 700 से 800 रुपये वसूलता था, जिसमें अप्रूवल के लिए अलग से राशि ली जाती थी।

भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद

गिरफ्तारी के दौरान STF ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीपीयू, मॉनिटर, थंब स्कैनर, वेबकैम, प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड, मोहर, पैन कार्ड, आधार कार्ड, CSC आईडी, फर्जी कार्ड से जुड़े स्क्रीनशॉट, एक कार और नकदी बरामद की है।

सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां

STF पहले ही इस गिरोह के कई सदस्यों को प्रयागराज और लखनऊ से गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें ISA और SHA से जुड़े लोग भी शामिल हैं, जो कार्ड अप्रूवल में अहम भूमिका निभाते थे।

आरोपी की निशानदेही पर अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।

आरोपी के खिलाफ थाना साइबर क्राइम लखनऊ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

STF का कहना है कि आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Also Read: Bareilly News: जंगल के मकान में चल रहा था गंदा खेल, सरगना गुड्डू पंडित महिला साथी के साथ गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.