लखनऊ के कपड़ा कोठी मेगा मार्ट में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
Lucknow News: लखनऊ की देवा रोड पर स्थित कपड़ा कोठी मेगा मार्ट में मंगलवार रात को हड़कंप मच गया, जब यहाँ भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग तीसरे तल से फैली और पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सीएफओ (मुख्य अग्निशमन अधिकारी) अंशु मित्तल ने बताया कि आग रात करीब 9 बजे लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत हरकत में आई। इंदिरा नगर फायर स्टेशन और टाटा मोटर्स से फायर इंजन मौके पर भेजे गए। टीम ने दो हौज पाइप लगाकर आग बुझाना शुरू किया। आग की भयावहता देखते हुए, बाद में हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, एआरटी (एक्सीडेंट रिलीफ टीम) और अन्य फायर इंजन भी मौके पर बुलाए गए।
फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने लगातार 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। सीएफओ ने बताया कि फायर टीम ने आग को आसपास की दुकानों में फैलने से बचा लिया। हालाँकि, कपड़ा कोठी मेगा मार्ट में रखा 8 से 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारण का पता अभी नहीं चल पाया है, जाँच जारी है।

