बिजली चोरों को पकड़ने के लिए रात में चलेगा चेकिंग अभियान, कर्मचारियों को बायोमीट्रिक हाजिरी में मिली ढील

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में जारी भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में बीती रात अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से परेशान लोगों के सब्र का बांध टूट गया। आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया और चक्काजाम कर दिया। एफसीआई उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले मुनेश्वर पुरम और प्रभात पुरम समेत कई इलाकों में घंटों बत्ती गुल रहने से त्राहि-त्राहि मची रही। करीब एक घंटे के भारी बवाल के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर लोग शांत हुए।

4 बड़े बिजली अफसरों पर गिरी गाज

प्रदेश में बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। शनिवार को सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के चार सीनियर इंजीनियरों को लपेटे में ले लिया। इसमें दो अधिशासी अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि एक अधीक्षण अभियंता को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि और एक मुख्य अभियंता को कड़ी चेतावनी जारी की गई है। सीएम योगी ने साफ निर्देश दिए हैं कि गांवों से लेकर शहरों तक हर हाल में निर्बाध और बेहतर बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाए।

धरातल पर स्थिति सुधारने के लिए खुद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा आधी रात को मैदान में उतरे। उन्होंने शहीद पथ के पास स्थित चकगंजरिया (सीजी सिटी) उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। मंत्री ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ से फीडरवार सप्लाई की रिपोर्ट ली और लॉग शीट का मिलान किया। वहीं, मध्यांचल निगम की एमडी रिया केजरीवाल ने भी देर रात फैजुल्लागंज उपकेंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा।

बढ़ती मांग को देखते हुए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने फील्ड कर्मचारियों को 30 जून तक बायोमीट्रिक अटेंडेंस के कड़े नियमों से अस्थायी राहत दी है। निगम के निदेशक (का. प्र. एवं प्रशासन) राजेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, अब फील्ड कर्मी अपने तय क्षेत्र के बजाय अपने जोन के किसी भी नजदीकी पावर हाउस या दफ्तर में हाजिरी लगा सकेंगे। इसके अलावा, पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने निर्देश दिए हैं कि जिन इलाकों में रात के वक्त अचानक लोड बढ़ रहा है, वहां बिजली चोरी पकड़ने के लिए विशेष नाइट चेकिंग अभियान चलाया जाए।

इंजीनियर्स करेंगे दो घंटे अतिरिक्त ड्यूटी

बिजली महकमे में मचे हड़कंप के बीच पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन ने एक आपातकालीन बैठक बुलाकर बड़ा फैसला लिया है। संगठन के अध्यक्ष आरपी केन और कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रदेश के बिजली संकट को दूर करने और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सभी दलित व पिछड़ा वर्ग के अभियंता (इंजीनियर्स) अपने नियमित ड्यूटी समय के अलावा रोजाना दो घंटे अतिरिक्त काम करेंगे।

Also Read: Bareilly News: नशीले डोडा के साथ तस्कर गिरफ्तार, उत्तराखंड में सप्लाई करने की थी तैयारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.