फूल बरसाने दौड़े समर्थक की गाड़ी की चपेट में आने से मौत, पूर्व सीएम समेत 6 पर केस
Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश में एक राजनीतिक रैली के दौरान दुखद हादसे में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के एक 55 वर्षीय समर्थक की जान चली गई। यह घटना तब घटी जब पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के काफिले पर एक उत्साही समर्थक फूल बरसाने के लिए दौड़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से फिसल गया और सीएम की गाड़ी की चपेट में आ गया।
फूल बरसाने की खुशी में मिली मौत
मृतक की पहचान चीली सिंगय्या के रूप में हुई है, जो रेड्डी के बड़े समर्थक बताए जा रहे हैं। वह ताडेपल्ली से सत्तेनापल्ली की ओर जा रहे काफिले पर फूल बरसाने के लिए सड़क की तरफ बढ़े थे, तभी फिसलकर जगन मोहन रेड्डी की फॉर्च्यूनर गाड़ी के नीचे आ गए। गाड़ी की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई।
शर्मिला रेड्डी ने उठाए प्रशासन पर सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य में राजनीतिक रैलियों पर पाबंदी है, तो हजारों की संख्या में भीड़ कैसे इकट्ठा हुई? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन ने सत्ताधारी पार्टी के लिए नियमों को दरकिनार कर दिया, जबकि विपक्षी कांग्रेस के कार्यक्रमों को सख्ती से रोका जाता है। शर्मिला ने गुस्से में कहा, क्या अब सरकार को लोगों की जान लेने का लाइसेंस मिल गया है?
छह लोगों पर केस, खुद जगन मोहन रेड्डी भी आरोपी
घटना के बाद गुंटूर पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की पत्नी चीली लुर्धू मैरी की शिकायत पर वाहन चालक रमना रेड्डी, पूर्व सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी, पूर्व सीएम के पीए नागेश्वर रेड्डी, पूर्व सांसद वाईवी सुब्बा रेड्डी, पूर्व विधायक पेरनी नानी, पूर्व मंत्री विदादला राजिनी मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि यह हादसा काफिले की तीसरी गाड़ी, यानी जगन मोहन रेड्डी की फॉर्च्यूनर से हुआ। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन फुटेज और चश्मदीदों के बयान से पुष्टि हुई कि सिंगय्या वाहन के पहियों के नीचे आए थे। इसके बाद पुलिस ने धारा 105 और 49 बीएनएस जोड़ते हुए छह लोगों को आरोपी बनाया है।
Also Read: Iran-Israel War: इजराइली हमले में 950 लोगों की मौत का दावा, अमेरिका की एंट्री से और बिगड़े हालात

