Ghazipur: तेरहवीं में शामिल होने आए शिक्षक की चाकू मारकर हत्या, पिता-पुत्र का झगड़ा शांत कराना पड़ा महंगा

गाजीपुर: मुहम्मदाबाद क्षेत्र के कर्मचंदपुर के मोमिनपुर गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक दिव्यांग युवक की तेरहवीं में शामिल होने आए 20 वर्षीय निजी शिक्षक अभिषेक कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि शिक्षक की हत्या पिता-पुत्र का घरेलू झगड़ा शांत कराने के प्रयास में हुई।

शांत करा रहे थे विवाद

मोमिनपुर गांव निवासी रामप्रकाश राम के दिव्यांग पुत्र की तेरहवीं सोमवार को आयोजित की गई थी, जिसमें पड़ोस के अभिषेक कुमार शामिल होने आए थे। रात के समय रामप्रकाश राम और उनके पुत्र राहुल के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। शिक्षक अभिषेक कुमार दोनों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने का प्रयास करने लगे। इसी बीच, रामप्रकाश राम ने गुस्से में चाकू निकाला और अभिषेक की गर्दन पर वार कर दिया।

चाकू लगते ही अभिषेक जमीन पर गिर गए। आनन-फानन में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। अभिषेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बेटे की मौत से उनकी मां रिंटू का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

तेरहवीं जैसे कार्यक्रम में हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। मृतक अभिषेक के पिता रासबिहारी ने रामप्रकाश राम उर्फ पाजी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। मुहम्मदाबाद कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी रामप्रकाश राम की तलाश शुरू कर दी गई है।

Also Read: Mau News: 32 लाख का रिफाइंड तेल गायब करने वाला ट्रक मालिक गिरफ्तार, चोरी हुआ ट्रक बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.