शिक्षकों के इलाज के लिए 5 लाख काफी नहीं, AAP ने योगी सरकार से की 25 लाख की मांग
Mahendra Singh AAP: आम आदमी पार्टी (शिक्षक प्रकोष्ठ), उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत इलाज की मौजूदा 5 लाख रुपये की सीमा को अपर्याप्त बताते हुए इसे बढ़ाकर कम से कम 25 लाख रुपये करने की मांग की है। उनका कहना है कि मौजूदा चिकित्सा खर्च को देखते हुए यह राशि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त नहीं है।
कैंसर, ट्रांसप्लांट और हार्ट सर्जरी का दिया उदाहरण
महेंद्र सिंह ने कहा कि कैंसर, किडनी और लीवर ट्रांसप्लांट, हार्ट सर्जरी जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में लाखों रुपये खर्च होते हैं। ऐसे में कई शिक्षकों को इलाज के लिए अपनी जमा-पूंजी, जेवर और यहां तक कि संपत्ति भी बेचनी पड़ती है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि गंभीर बीमारियों के लिए अलग से विशेष फंड बनाया जाए और प्रदेश के सभी सूचीबद्ध अस्पतालों में शिक्षकों व उनके आश्रितों को बिना किसी बाधा के कैशलेस इलाज की सुविधा मिले। साथ ही महंगाई और बढ़ते चिकित्सा खर्च को देखते हुए योजना की समय-समय पर समीक्षा भी की जाए।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी
महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक विद्यार्थियों का भविष्य संवारते हैं, उन्हें गंभीर बीमारी की स्थिति में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शिक्षकों की मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी का शिक्षक प्रकोष्ठ प्रदेशभर में आंदोलन शुरू करेगा।

