UP में AAP ने खेला युवा कार्ड, अनित रावत को सौंपी छात्र विंग के प्रदेश अध्यक्ष की कमान
UP Politics: उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी (AAP) ने छात्र संगठन को मजबूत करने के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की स्वीकृति के बाद छात्र विंग के प्रदेश प्रभारी वंशराज दुबे ने नई टीम की घोषणा की। इसके तहत लखनऊ के अनित रावत (Anil Rawat) को छात्र विंग का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
नई कार्यकारिणी में सुल्तानपुर के कुलदीप यादव को प्रदेश महासचिव और आजमगढ़ के आशीष मौर्य को प्रदेश संगठन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लखनऊ के अंशुल यादव और जालौन के यशवीर सिंह सेंगर को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
छात्र हितों के मुद्दों पर आंदोलन की तैयारी
वंशराज दुबे ने कहा कि नई कार्यकारिणी प्रदेशभर में छात्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने बताया कि पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर छात्र विंग व्यापक अभियान और आंदोलन चलाएगी। साथ ही जल्द ही सभी जिलों में नई जिला कार्यकारिणियों का गठन कर संगठन का विस्तार कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक किया जाएगा।
‘युवाओं की आवाज़ को करेंगे मजबूत’
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनित रावत ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि छात्र हितों की रक्षा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा मौजूदा व्यवस्था से निराश है और आम आदमी पार्टी की छात्र विंग उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
उन्होंने जल्द ही सभी जिलों का दौरा कर छात्रों को संगठन से जोड़ने और युवाओं की आवाज़ को मजबूती देने का भी संकल्प जताया।
AAP का कहना है कि नई कार्यकारिणी में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है, ताकि छात्र संगठन को व्यापक आधार मिल सके और भविष्य में छात्र आंदोलनों को नई दिशा और मजबूती दी जा सके।
Also Read: कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, राजेंद्र पाल गौतम बोले- जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता

