कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, राजेंद्र पाल गौतम बोले- जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता
UP Politics: उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित अलग-अलग बैठकों में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पार्टी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया विभाग, सोशल मीडिया टीम और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों के साथ संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय होकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम को दिए निर्देश
राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया विभाग से भाजपा सरकार की नीतियों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने और पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने को कहा। वहीं सोशल मीडिया टीम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने और पार्टी की आवाज को अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सरकार पर लगाए आरोप, जीत का जताया भरोसा
पूर्व कांग्रेस प्रत्याशियों की बैठक में गौतम ने दावा किया कि कांग्रेस सरकारों ने शिक्षा, कृषि, आर्थिक विकास और राष्ट्रीय संस्थानों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी शिक्षण संस्थानों की अनदेखी हो रही है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि टिकट किसी भी उम्मीदवार को मिले, सभी का लक्ष्य अपने क्षेत्र में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए। गौतम ने भरोसा जताया कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव 2027 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, राजेश तिवारी, सत्य नारायण पटेल, नीलांशु चतुर्वेदी, प्रदीप नरवाल, तौकीर आलम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, विधायक वीरेन्द्र चौधरी और पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Also Read: जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई से भड़के अखिलेश, बोले- शिक्षा में भी सांप्रदायिकता देखती है भाजपा

