अनशन के दूसरे दिन टूटने लगी हिम्मत, जंतर-मंतर पर बोले अभिजीत दीपके- अब समझ आया भूख हड़ताल कितनी मुश्किल
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर अड़े ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के मुखिया अभिजीत दीपके की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल रविवार को दूसरे दिन भी जारी रही। अनशन के कठिन अनुभवों को साझा करते हुए दीपके ने माना कि बिना अन्न-जल के बैठना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है।
उन्होंने जंतर-मंतर पर डटे अन्य छात्र आंदोलनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के जज्बे को सलाम किया। दीपके ने कहा, भूख हड़ताल के दूसरे दिन मुझे यह अहसास हो गया है कि यह रास्ता कितना कठिन है। मैं सोनम वांगचुक सर और यहाँ संघर्ष कर रहे सभी छात्रों के साहस को नमन करता हूँ। फिलहाल, मैं सोमवार को होने वाले मार्च के लिए अपनी बची हुई ऊर्जा को संजो रहा हूँ।
दरअसल, जंतर-मंतर पर आंदोलन की कमान पहले प्रसिद्ध पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के हाथों में थी, लेकिन शनिवार सुबह तबीयत बिगड़ने के कारण पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया। उनके बाद मोर्चा संभालते हुए अभिजीत दीपके तुरंत अनशन पर बैठ गए थे। अब कॉकरोच जनता पार्टी ने सोमवार (20 जुलाई) को संसद मार्च का एलान किया है, जिसे कामयाब बनाने के लिए संगठन ने आम जनता और अपने समर्थकों से भारी संख्या में जुटने की अपील की है।
Also Read: UP ATS-NCB की बड़ी कार्रवाई, इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ा नाइजीरियाई गिरफ्तार

