सोनम वांगचुक की सेहत पर डॉक्टरों की स्पेशल टीम रख रही है 24 घंटे नजर, लंबे उपवास से शरीर पर बढ़ा तनाव
Sandesh Wahak Digital Desk: जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल ने रविवार को हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक के सभी जरूरी हेल्थ पैरामीटर फिलहाल स्थिर हैं, हालांकि लंबे समय तक अन्न-जल त्यागने के कारण उनके ब्लड पैरामीटर में मामूली उतार-चढ़ाव देखा गया है।
लगातार उपवास की वजह से उनके शरीर पर पड़े अत्यधिक तनाव को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें विशेष चिकित्सा निगरानी में रखा है। सफदरजंग अस्पताल और एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक संयुक्त मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम उनकी चौबीसों घंटे क्लिनिकल मॉनिटरिंग कर रही है, ताकि किसी भी संभावित मेडिकल इमरजेंसी या जटिलता से तुरंत निपटा जा सके।
गौरतलब है कि कथित नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) बीते 6 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन के समर्थन में 28 जून से औपचारिक रूप से आमरण अनशन पर बैठ गए थे। शनिवार तड़के दिल्ली हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों और डॉक्टरों की सलाह पर दिल्ली पुलिस ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल में दाखिल कराया था।
वांगचुक के समर्थन में उतरा विपक्ष
सोनम वांगचुक को जबरन आंदोलन स्थल से हटाकर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई पर देश के सियासी और सामाजिक हलकों में उबाल आ गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने लिखा, इस सरकार के मुख्य सिद्धांत असत्य और हिंसा हैं। अहिंसक तरीके से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाना पूरी तरह गलत है। पेपर लीक, महंगी होती शिक्षा और छात्रों की आत्महत्याएं देश के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं। भारत के छात्रों के हक में आवाज उठाने से हमें कोई ताकत नहीं रोक सकती।
राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, राकांपा (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत सहित कई विपक्षी नेताओं और फिल्मी हस्तियों ने भी पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है।

