कुशीनगर में हादसा: करंट लगने से एक शख्स की मौत, बचाने गए भाई और बेटा गंभीर रूप से झुलसे
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बरसैना गांव में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की छत पर लोहे का इंगल चढ़ाते समय वह पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन विद्युत तार में छू गया, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बचाने के प्रयास में बेटा और भाई भी झुलसे
बरसैना गांव निवासी उमेश उर्फ गब्बर यादव (43 वर्ष) पुत्र हरी यादव अपने मकान की छत पर लोहे का इंगल चढ़ा रहे थे। इसी दौरान लोहे का इंगल अनजाने में घर के पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार से सट गया। इंगल में करंट उतरते ही उमेश उर्फ गब्बर यादव बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पिता को झुलसता देख उन्हें बचाने दौड़े उनके बेटे अजय (23 वर्ष) और बड़े भाई राजू यादव (46 वर्ष) भी बिजली के तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का एम्स गोरखपुर में इलाज जारी
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे और तीनों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली ले गए। वहां चिकित्सकों ने उमेश उर्फ गब्बर यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे राजू यादव और अजय की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया गया। दोनों चाचा-भतीजा की हालत गंभीर बनी हुई है।
रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल
Also Read: Shravasti News: नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में पथराव, पिता की मौत, पुत्र गंभीर

